सुबह शाम छाए बादल, दिन में खिली धूप
जागरण संवाददाता, झज्जर : मौसम में निरंतर बदलाव आता जा रहा है। धीरे-धीरे मौसम में गर्माहट आने लगी ह
जागरण संवाददाता, झज्जर :
मौसम में निरंतर बदलाव आता जा रहा है। धीरे-धीरे मौसम में गर्माहट आने लगी है। रविवार को सुबह व शाम के समय आसमान में बादल दाए रहे। जबकि दिन के समय धूप खिलने के बाद लोगों को ठंड से कुछ हद तक राहत मिली है। वहीं दिन भर खिली रही धूप का भी लोगों ने जमकर आनंद लिया। हांलाकि सुबह के समय एक बार तो आसमान से कोई कोई बूंद भी गिरी लेकिन कुछ देर बाद ही मौसम साफ हारे गया। सुबह आसमान में बादल देख लोगों को लगा था कि आज अच्छी वर्षा होगी, लेकिन आसमान में छाए बादल लोगों की उम्मीदों के साथ छलावा कर गए। हवाओं की गति छह किलोमीटर प्रति घंटा रही। जबकि हवा में नमी की मात्रा 57 प्रतिशत रही। वहीं अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस रहा। रविवार को दोपहर के समय खिली धूप का लोगों ने जमकर आनंद लिया। लोग घरों की छत, आंगन व पार्को में बैठ कर धूप सेकते नजर आए। दिनभर चार से सात किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलती रही।
----
फसलों के लिए मौसम खतरनाक
इन दिनों चल रही मौसम की उठापटक के चलते फसलों में चेपा नामक बीमारी को प्रकोप दिखाई देने लगा है। खास कर सरसों की फसल, बागवानी व सब्जी की फसल पर इसका प्रभाव दिखाई देने लगा है। किसानों ने फसल को इस बीमारी के प्रकोप से बचाने के लिए दवाई का स्प्रे भी शुरू किया हुआ है। जिले में किसान अच्छी वर्षा होने की बाट जोह रहे हैं। अगर अच्छी वर्षा हो जाती है तो फसल बीमारियों के प्रकोप से भी बच जाएगी और फसलों में पानी की पूर्ति भी हो जाएगी। जिन किसानों ने फसल की सिंचाई कर दी है। उन किसानों की फसल में नमी की मात्रा भी कई दिन तक बरकरार रहेगी।
---
इन दिनों फसलों में चेपा नामक बीमारी का प्रकोप आ सकता है। किसानों को सलाह दी जाती है कि अगर फसल में चेपा का असर दिखाई दे तो 500 ग्राम मैलाथियान को 200 लीटर पानी में मिला कर प्रति एकड़ में स्प्रे कर दें। ताकि फसल बीमारी के प्रकोप से बच सके।
-डॉ. जगजीत सिंह सांगवान, एसडीओ, कृषि विभाग, झज्जर।