तेज आंधी व बूंदाबांदी ने किसानों को डराया
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़ : बीती रात मौसम में अचानक आए बदलाव ने किसानों की धड़कने बढ़ा दी। देर रात त
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़ : बीती रात मौसम में अचानक आए बदलाव ने किसानों की धड़कने बढ़ा दी। देर रात तक तेज आंधी चली और हल्की बूंदाबादी भी हुई। मौसम के इस मिजाज से किसानों में अफरा-तफरी नजर आई।
दरअसल अचानक तापमान का पारा कई डिग्री उछलने के बाद फिर से बारिश की संभावना बन रही है। मौसम विभाग की ओर से वैसे तो 29 व 30 मार्च को बारिश होने के आसार जताए जा रहे है, लेकिन बृहस्पतिवार की रात अचानक मौसम करवट ले गया। तेज आधी शुरू हो गई और कुछ देर बूंदाबादी भी हुई। ऐसे में शुक्रवार को दिनभर तेज धूप के कारण ऊपर की ओर चढ़ा तापमान रात के समय इस मौसमी बदलाव के कारण कई डिग्री नीचे आ गया। हालाकि शुक्रवार को इसमें फिर से बदलाव आया और तापमान का पारा फिर से चढ़ गया। शुक्रवार को न्यूनतम पारा 17 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि अधिकतम तापमान 34 डिग्री दर्ज किया गया। गौरतलब है कि कुछ दिनों में ही तापमान में एकाएक तेजी दर्ज की जा रही है। आये दिन बढ़ रहे इस तापमान का शहर में भी असर देखने को मिल रहा है। सुबह सूर्य निकलते ही धूप में तपन महसूस होने लगती है। उसके बाद जैसे-जैसे सूर्य अपने रंग में आते है वैसे-वैसे गर्मी भी बढ़ने लगती है।
किसानों में मची अफरा-तफरी
अभी गेहूं की फसल खेतों में पक रही है। जबकि सरसों की कटाई अंतिम चरण में है। जौ की कटाई भी शुरू हो चुकी है। ऐसे में जब बृहस्पतिवार की रात मौसम ने मिजाज बदला, बूंदाबांदी शुरू हुई और तेज आंधी चली तो किसानों के माथों पर चिंता की लकीरे उभर आई। बादल जब छंट गए तब किसानों की जान में जान आई। हालांकि मौसम में अनिश्चितता बरकरार है। मौसम विभाग की ओर से इसी महीने के आखिर में बारिश की संभावना जताई गई है।