विद्यार्थियों को पढ़ाया योग का पाठ
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़ : क्षेत्र के गाव रेवाड़ी खेड़ा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विद्य
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़ : क्षेत्र के गाव रेवाड़ी खेड़ा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों को योग का पाठ पढ़ाया गया। योगाचार्य जगदीश कुमार आर्य ने योग प्राणायाम शिविर के जरिये बच्चों को योग की शिक्षा दी।
शिविर की अध्यक्षता सुनील कुमार ने की। सभी शिक्षकों व विद्यार्थियों ने इसमें भाग लिया। योग शिविर में बच्चों को अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। जैसे नैतिक शिक्षा, अष्टांग योग, राष्ट्र भक्ति, समाज सेवा, प्रकृति रक्षा आदि। योगाचार्य ने कहा कि योग शिविर का लक्ष्य सभी विद्यार्थियों को बलवान, विद्वान, चरित्रवान, आत्मनिर्भर व देशभक्त तथा अच्छे समाज के निर्माता बनाना है। योगाचार्य जगदीश ने बताया कि विद्यार्थियों की शक्ति राष्ट्र की शक्ति है। जिसका माध्यम योग है। योग से सभी का शारीरिक, मानसिक, आत्मिक विकास होता है। शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। परमात्मा से आरोग्यता का वरदान प्राप्त होता है। योग से एकाग्रता व मनोबल बढ़ता है। आसन तथा प्राणायाम से होने वाले लाभ भी योग शिविर में बताए गए। उन्होंने बच्चों को बताया कि वज्रासन करने से भूख लगती है तथा पाचन शक्ति बढ़ती है। पेट के सभी रोग ठीक होते है। अनुलोम विलोम से नाड़ी शोधन होता है। कपालभाती से हारमोन संतुलित रहता है। चेहरे पर चमक आती है। भस्त्रिका करने से हृदय संबंधित रोग ठीक होते है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन 40 से 50 मिनट योग करना चाहिए। ऐसा नियमित रूप से करने से शरीर में कभी थकावट या कमजोरी नहीं आती। सकारात्मक ऊर्जा मिलती है।