काग्रेस ने दिया सभी वर्गो को धोखा : कौशिक
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़ : भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य व वार्ड पार्षद नरेश कौशिक ने कहा कि 10 सालों में काग्रेस की भ्रष्ट सरकार ने किसान, मजदूर, व्यापारी सभी वर्गो के लोगों को छलने का काम किया है। वे बुधवार को झज्जर रोड पर वक्फ बोर्ड के मैदान में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। बाद में शहर में रोड शो भी किया गया।
काग्रेस सरकार ने हरियाणा की जनता के साथ धोखा किया है। बहादुरगढ़ शहर में 10 साल से काग्रेस का विधायक होने के बाद भी विकास नहीं हुआ। स्थानीय विधायक ने नारियल तोड़ने के अलावा कुछ नहीं किया। शहर में पीने के पानी, सीवर, नाली, गलियों में पानी खडे़ रहने की समस्या से आम जनता परेशान है। यह तमाम समस्याएं आज भी ज्यों की त्यों है। प्रदेश में बिजली, पानी की समस्या एक विकराल रूप लिए खड़ी है। जनसभा के बाद पूरे शहर में एक शक्ति प्रदर्शन किया। यह झज्जर रोड, रेलवे रोड, नाहरा-नाहरी रोड से होते हुए मेन बाजार से वापस झज्जर रोड पर समाप्त हुआ। इस मौके पर पूर्व जिला प्रेस प्रवक्ता दिनेश शेखावत ने मंच संचालन किया तथा पूर्व जिला अध्यक्ष महेश कुमार, जिला सचिव नरेश रोहिल्ला, सचेत कुमार, जयपाल सरोहा, सुरेश राठी, राम कुमार गौतम, श्रीभगवान शर्मा, उमा पाण्डे, ईश्वर अरोड़ा, राम सिंह दलाल, सोनू सौलधा, रमेश शर्मा, सतीश शास्त्री, बलजीत कसार, रमेश सौलधा, बलवान सिंह खत्री मौजूद रहे।