नए संकल्प के साथ शुरू हुआ शैक्षणिक सत्र
फोटो 22जेएचआर109-
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़ : यहा के वैश्य आर्य कन्या महाविद्यालय में मंगलवार से नया शैक्षणिक सत्र शुरू हुआ। इस मौके पर हवन-यज्ञ किया गया। साथ ही छात्राओं को मेहनत व लग्न के साथ पढ़ने का संकल्प भी दिलाया गया।
महाविद्यालय के प्रधान रामधन गुप्ता ने कहा कि क्रोध मनुष्य का सबसे बड़ा दुश्मन है। इसलिए इस पर नियंत्रण जरूरी है। वहीं प्राचार्या डॉ. राजवंती शर्मा ने कहा कि नारी शिक्षा के लिए यहा का वैश्य कालेज अग्रसर है। छात्राओं को कठोर परिश्रम व सच्ची लग्न के साथ आगे बढ़ना चाहिए। परीक्षा परिणाम इस बात का सूचक है कि यहा छात्राओं को किस तरह की शिक्षा दी जा रही है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष बीए का परीक्षा परिणाम 97.17 प्रतिशत, बीकॉम का 98.57 तथा बीसीए का 96.30 प्रतिशत रहा। बीसीए की छात्राओं द्वारा विश्वविद्यालय में मेरिट सूची में प्रथम, द्वितीय और अन्य स्थान हासिल करने पर उन्हे बधाई दी और पुरस्कृत किया गया। शिक्षा सभा के प्रधान श्रीनिवास गुप्ता ने छात्राओं को संदेश दिया कि विद्यार्थी जीवन तप के समान होता है। इस दौर में कठिन तपस्या ही जीवन की सफलता तय करती है। बीसीए की 18 छात्राओं ने मेरिट सूची में नाम दर्ज कराया था। इसमें बेबी ने प्रथम और निशा ने द्वितीय स्थान हासिल किया था। इसके लिए प्राध्यापिकाओं को भी पुरस्कृत किया गया। नव सत्र की शुरूआत पर विद्यालय की वार्षिक पत्रिका नव चेतना का भी लोकार्पण किया गया। वहीं यजमान की भूमिका में रहे प्रेम बंसल ने बताया कि कालेज में नए सत्र से एमएससी फिजिक्स की कक्षा शुरू होंगी। इसी सत्र से छात्राओं की सुविधा के लिए महाविद्यालय से दिल्ली के मधुबन चौक तक बस की सेवा भी दी जाएगी। कार्यक्रम में मंच संचालन राजनीतिक विज्ञान की प्राध्यापिका सुनीता गुप्ता ने किया। इस मौके पर प्रबंधक समिति के उप प्रधान मनीष सिंघल, कोषाध्यक्ष वेद प्रकाश, प्रबंधक यशपाल गाधी, वैश्य आर्य शिक्षण महाविद्यालय के प्रधान सतनारायण अग्रवाल, एसके अग्रवाल, रजना देवी, सरोज बाला व प्रबंधन समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।