रातभर पंचायत, नहीं सुलझा विवाद
संवाद सूत्र, बेरी : चौपाल के निर्माण को लेकर गांव वजीरपुर में हुए झगडे़ को सुलझाने के लिए सोमवार शाम को मैराथन पंचायत हुई। इसमें पुलिस के उप कप्तान के साथ बादली के विधायक नरेश शर्मा भी मौजूद रहे। पंचायत रात बारह बजे तक चली लेकिन दोनों पक्ष आम सहमति तक नहीं पहुंच सके, इसलिए कोई फैसला नहीं हो सका। अब नए सिरे से पंचायत आयोजित की जाएगी। इसमें कोशिश की जाएगी कि दोनों पक्षों में समझौता करा दिया जाए।
इस विवाद में पांच महिलाओं सहित 17 व्यक्ति घायल हो गए थे। एक पक्ष के घायलों ने बेरी के सामान्य अस्पताल में एक युवक के साथ पुलिस कर्मियों ने भी मारपीट करने का आरोप लगाया था। बताया जा रहा है कि वजीरपुर गांव में ब्राह्माण समुदाय की चौपाल का निर्माण किया जा रहा है। इस चौपाल के निर्माण को लेकर दो गुटों में रविवार को झगड़ा हो गया। इस झगडे़ में दोनों पक्ष के 17 व्यक्ति घायल हो गए हैं। सभी घायलों को उनके परिजनों ने सामान्य अस्पताल बेरी में भर्ती कराया। जहां से उन्हें सामान्य अस्पताल झज्जर रेफर कर दिया है। घायल मुकेश कुमार का कहना है कि उनकी गली में अजीत पक्ष कब्जा कर रहा है। इस मामले को लेकर पिछले तीन-चार दिनों से विवाद चल रहा है। इसकी शिकायत उन्होंने पुलिस को भी दी थी। उन्होंने पुलिस पर दूसरे गुट के साथ मिली भगत का भी आरोप लगाया है और उसके साथ पुलिस कर्मियों ने बेरी के अस्पताल में मारपीट करने का भी आरोप लगाया है। झगड़े में उनके पक्ष के विजय, मुकेश, कविता, रामानंद, रामप्यारी, कविता पत्नी युद्धवीर, अजीत पुत्र ब्रह्मानंद और मुकेश को चोटें आई है। इस झगड़े में मनीषा, कृष्ण, प्रेम, रमेश, सुरेश, रविंद्र, शीला, प्रदीप, जय प्रकाश व श्रीनिवास भी घायल हुए हैं। इन में से कुछ घायलों को रोहतक पीजीआई भी रेफर किया गया है।
बेरी पुलिस थाना प्रभारी का कहना है कि शनिवार को दोनों पक्षों के बीच गांव में जाकर समझौता करवा दिया था, लेकिन आज फिर से दोनों गुटों के बीच झगड़ा हो गया। दोनों पक्षों के 17 लोगों की एमएलआर अस्पताल से प्राप्त हुई है। चौपाल के निर्माण को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा है। उनका कहना है कि पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि पंचायत में उम्मीद थी कि दोनों पक्ष सहमत हो जाएंगे लेकिन मामला फिर से उलझ गया। उनका कहना है कि बुधवार को इस मामले में फिर से पंचायत होगी।