Move to Jagran APP

समय के साथ बढ़ता गया मतदान प्रतिशत

By Edited By: Published: Thu, 10 Apr 2014 11:41 PM (IST)Updated: Thu, 10 Apr 2014 11:41 PM (IST)

जागरण संवाददाता, झज्जर : लोकसभा चुनावों के लिए बृहस्पतिवार सुबह सात बजे मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई। पहले एक घंटे में मतदान की गति धीमी रही, लेकिन बाद में मतदान की गति ने जोर पकड़ लिया। पहले एक घंटे में करीब 8 फीसदी मतदाताओं ने ही अपने मत का प्रयोग किया। लगभग सभी बूथों पर मतदान समय से शुरू हो गया था।

loksabha election banner

सुबह साढ़े 6 बजे पोलिंग एजेंट बूथों पर पहुंचने शुरू हो गए थे। पोलिंग पार्टियों ने मतदान शुरू होने से 15 मिनट पहले मॉक पोल किया। इसके बाद मतदान शुरू हो गया। मतदान शुरू होने के पहले एक घंटे तक अधिकांश बूथ खाली नजर आए। अगले एक घंटे में मत प्रतिशत 10 के पार हो गया। मतदान से सुबह दस बजे के बाद रफ्तार पकड़ना शुरू किया। जिले में कुल 655 पोलिंग स्टेशन बनाए गए थे। अधिकांश पोलिंग स्टेशन पर समय पर मतदान शुरू हुआ, जबकि कुछ बूथों पर पांच से दस मिनट की देरी हुई। खेतों में काम करने वाले लोगों ने सुबह के समय ही अपने मत का प्रयोग किया। मतदान केंद्रों के बाहर इस बार विभिन्न दलों के समर्थक तो बैठे हुए थे, लेकिन चुनाव आयोग के आदेशानुसार उन्होंने किसी तरह के झंडे या पोस्टर नहीं लगाए हुए थे। सुबह करीब दस बजे से लेकर दोपहर एक बजे तक मतदाताओं पर बूथों पर अच्छी उपस्थिति दर्ज कराई, लेकिन दोपहर बाद एक बार मतदान की गति धीमी पड़ गई। शाम को अंतिम एक घंटे के दौरान एक बार फिर मतदाताओं ने जोश दिखाते हुए मतदान प्रतिशत बढ़ाने में भूमिका अदा की। महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में मतदान में हिस्सा लिया।

कुछ यूं बढ़ा प्रतिशत

सुबह सात बजे मतदान शुरू होने के बाद आठ बजे तक करीब 8 फीसदी मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। 8 से 9 बजे के बीच मतदान प्रतिशत बढ़कर 30 फीसदी तक पहुंच गया। इसके अगले एक घंटे में मतदान प्रतिशत बढ़कर 45 फीसदी तक पहुंच गया। दोपहर एक बजे तक करीब आधे मतदाता अपने मत का प्रयोग कर चुके थे। दोपहर 2 बजे से लेकर पांच बजे तक मतदान की गति धीमी रही। गर्मी व तेज धूप के कारण मतदाता घरों से नहीं निकले, लेकिन शाम को पांच बजे बाद से एक बार फिर पोलिंग बूथों पर भीड़ नजर आने लगी।

सभी ने दिखाया उत्साह

मतदान के दौरान युवा, बुजुर्ग व महिलाओं के साथ-साथ अशक्त लोगों ने भी काफी उत्साह दिखाया। अशक्त मतदाता कहीं व्हील चेयर के सहारे बूथों तक पहुंचे, तो कोई वाकर या लकड़ी का सहारा लेकर। शारीरिक रूप से अधिक बीमार लोगों को कंधों पर बैठाकर भी मतदान केंद्रों तक लाया गया। कई वृद्ध महिलाएं अपने पोते व पोतियों के साथ पोलिंग बूथों तक पहुंचे। जिन मतदाताओं के नए वोट बने थे, उन्होंने मतदान में सबसे अधिक उत्साह दिखाया।

बादली में सबसे अधिक मतदान

जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों में शाम पांच बजकर 10 मिनट तक मतदान में बादली आगे और बहादुरगढ़ पीछे था। इस समय पर बादली में सर्वाधिक 60.3 फीसदी और बहादुरगढ़ में 57.7 फीसदी मतदान हुआ था। झज्जर में 57.9 व बेरी में 59.5 फीसदी मतदान हुआ था। अंतिम एक घंटे में बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लग गई थीं।

खेतों से सीधे पोलिंग बूथ

इस समय गेहूं की कटाई का कार्य जोरों पर चल रहा है। किसान फसल कटाई के कार्य में व्यस्त हैं। मतदान में भाग लेने के लिए बड़ी संख्या में किसान अपने खेतों से सीधे मतदान केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने अपने मत का प्रयोग किया। वोटिंग स्लिप होने के कारण उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। किसी तरह के पहचान पत्र की आवश्यकता भी नहीं हुई।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.