लव जेहादः महिला ने केस दर्ज कराया तो पति ने चाकू से किया हमला
एक मुस्लिम युवक ने नाम बदलकर हिंदू लड़की से शादी रचा दी। खुलासा हुआ तो उसने जबरन निकाह कर दिया। महिला की शिकायत पर जब पुलिस ने केस दर्ज किया तो उसने पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया।
जेएनएन, हिसार। लव जेहाद के मामले में पीडि़त महिला को न्याय दिलाने के लिए एकजुट हुए हिंदू संगठनों को देख पुलिस प्रशासन भी कार्रवाई को तैयार हो गया। गत दिवस पुलिस ने उसके पति भादरा निवासी हर्ष भाटी उर्फ अब्दुल हफीज के खिलाफ धोखाधड़ी, छेड़छाड़, मारपीट, जान से मारने की धमकी देने के तहत केस दर्ज किया तो वह भड़क गया। उसने आज पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। लोगों ने किया बीचबचाव किया और आरोपी को दबोचा। उसे पुलिस को सौंप दिया गया है। हिंदू संगठनों में रोष है।
गौरतलब है कि कुंजलाल गार्डन निवासी महिला की वर्ष 2000 में हर्ष भाटी के साथ हरिद्वार में शादी हुई। उस समय किसी को नहीं पता था कि हर्ष भाटी का असली नाम अब्दुल हफीज है और वह मुस्लिम समुदाय से संबंध रखता है। हिंदू रीति-रिवाज से शादी हुई। उनके दो बच्चे भी हो गए।
आरोप है कि 13 साल बाद पता चला कि उसका पति मुस्लिम है। इसके अलावा पहले ही शादीशुदा है और उसके चार बच्चे हैं। जब महिला अपने पति का धर्म छुपाकर धोखा देने पर विरोध किया तो वह मारपीट करने लग गया। आरोप है कि हर्ष ने अपने परिवार को हिसार बुलाकर उसे डराया-धमकाया और जबरन निकाह करके निकाहनामा पर हस्ताक्षर करवा लिए थे। फिर धर्म बदलने का दबाव बना शुरू कर दिया था।
आरोप है कि जब उससे निकाह किया तो वह होश में नहीं थी। उसे नशीली दवा का सेवन करवाया हुआ था। महिला का आरोप है कि उसे बहुत प्रताडि़त किया गया। यह मामला जिला बाल विवाह निषेध एवं संरक्षण अधिकारी बबीता चौधरी के पास पहुंचा था। जहां उन्होंने दोनों पक्षों के बीच समझौता करवा दिया था। पति द्वारा उसे हर माह खर्चा दिया जाता था। दोनों का एक-दूसरे के घर आना-जाना शुरू हो गया था।
पिछले दो-तीन माह से पति ने खर्चा देना बंद कर दिया। इसके चलते महिला ने अपने साथ हुए अत्याचार के बारे में विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री रविंद्र गोयल, बजरंग दल प्रमुख कपिल वत्स सहित अन्य संगठन सदस्यों को मामले से अवगत करवाया। जिन्होंने उसे न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया था। उनके साथ देने पर शहर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया।