बॉक्सर अमित पंघाल अब राष्ट्रीय खेल पुरस्कार के लिए नामित, विशिष्ट सेवा मेडल भी पा चुके
गोल्डन ब्वॉय के नाम से प्रचलित व विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता और दुनिया के नंबर वन बॉक्सर अमित पंघाल (52 किग्रा) का नाम राष्ट्रीय खेल पुरस्कार के लिए नामित किया है।
रोहतक, जेएनएन। गोल्डन ब्वॉय के नाम से प्रचलित व विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता और दुनिया के नंबर वन बॉक्सर अमित पंघाल (52 किग्रा) का नाम राष्ट्रीय खेल पुरस्कार के लिए नामित किया है। जिसके लेकर अमित और उनके परिजनों ने खुशी व्यक्त की गई। अमित के चाचा एडवोकेट राजनारायण का कहना है कि अमित की उपलब्धियों को देखते हुए बॉक्सिंग फेडरेशन आफ इंडिया की ओर से अमित को नामित किया है। इससे पहले सेना की ओर से भी उनको राष्ट्रीय खेल पुरस्कार के लिए नामित किया जा चुका है।
रोहतक के मायना गांव निवासी अमित पंघाल इससे पहले वे एशियन गेम्स में भी गोल्ड मेडल सहित ढेरों ईनाम जीत चुके हैं। लॉकडाउन का पालन करते हुए वे इन दिनों गांव में ही अभ्यास करते रहे हैं। अमित अपने आक्रामक खेल के लिए जाने जाते हैं। इसी कारण वे प्रतिद्वंद्वियों पर अकसर भारी पड़ते हैं और देश प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। अमित की खेल उपलब्धियों के चलते सेना की ओर से उनको विशिष्ट सेवा मेडल से भी नवाजा जा चुका है। 24 वर्षीय अमित पंघाल को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार के लिए नामित करना बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
फार्म में चल रहे है अमित
ग्रामीण परिवेश में पले बढ़े अमित पंघाल 2017 से बेहतरीन फार्म में चल रहे हैं। उन्होंने 2018 में राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीते। पिछले साल एशियाई प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के बाद विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर उन्होंने भारत का मान बढ़ाया।
देसी खाने के हैं शौकीन
चकाचौंध से दूर अमित पंघाल सादा जीवन जीते हैं और देसी खाने के शौकीन है। वे कहीं भी खेलने के लिए जाते हैं तो मां ऊषा के हाथ का चूरमा खाते हैं। वहीं, अमित के किसी भी स्पर्धा से लौटने पर उनकी मां भी बेटे के लिए देशी घी का चूरमा बनाकर तैयार रखती है।