प्रदेश भर के एडीओ कृषि मंत्री आवास का करेंगे घेराव
जागरण संवाददाता, हिसार सरकार की फसल बीमा योजना इन दिनों कृषि विकास अधिकारियों के गले की फांस बन ग
जागरण संवाददाता, हिसार
सरकार की फसल बीमा योजना इन दिनों कृषि विकास अधिकारियों के गले की फांस बन गई है। कृषि विकास अधिकारियों पर दबाव बनाकर सरकार फसल कटाई का डाटा तैयार करवा रही है। इसी के चलते कृषि विकास अधिकारियों में रोष व्याप्त है। वहीं सरकार ने कार्य के प्रति लापरवाही बरतने वाले कृषि विकास अधिकारियों पर प्रशासनिक कार्रवाई करने के आदेश जारी कर दिए हैं। सरकार की इसी नीति से नाराज प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सुशील गोयत की अध्यक्षता में बैठक हुई।
बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया है कि सोमवार को चंडीगढ़ में कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ के आवास का घेराव किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर इसके बावजूद भी सरकार नहीं जागी तो कृषि विकास अधिकारी आंदोलन की रणनीति तय करेंगे।
इसलिए है नाराजगी
- फसल कटाई के प्रयोग कृषि विकास अधिकारियों पर थोपने
- सैंपल के उचित संस्थान मुहैया नहीं करवाना
- कृषि विकास अधिकारियों की ओर से सभी जरूरतों से अवगत कराने के बावजूद कार्रवाई नहीं करना।
- अधिकारियों की ओर से चार्जशीट की धमकी देना ।
---
फसल कटाई सैंपल जुटाना इसलिए नहीं है संभव
- प्रदेश में बाजरा, मक्का की करीब शतप्रतिशत फसल कटाई हो चुकी है।
- फार्म मिलने में देरी होने के चलते सही प्रकार से डाटा तैयार नहीं होगा।
- कटाई के सैंपल तैयार नहीं होने पर किसानों को निजी कंपनी बीमा का लाभ नहीं देगी।
- बीमा कंपनी की ओर से बीएससी एग्रीकल्चर या कृषि से जुडे़ सेवानिवृत अधिकारियों की बजाय अन्य क्षेत्रों से जुडे़ युवाओं को डाटा तैयार करने का जिम्मा देना।
..
वर्जन..
सरकार को स्थिति से पहले ही अवगत करवा दिया गया था। इस समय फसल कटाई सैंपल का काम किसी भी कीमत पर पूरा नहीं हो सकता। जो रिपोर्ट जल्दबाजी में तैयार होगी, वह किसानों के साथ धोखा होगा। सरकार निजी बीमा कंपनियों को लाभ पहुंचाने के लिए कृषि विकास अधिकारियों पर नाजायज दबाव बना रही है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सोमवार को कृषिमंत्री के आवास का घेराव किया जाएगा।
- सुशील गोयत, प्रदेशाध्यक्ष, कृषि विकास अधिकारी एसोसिएशन