पौधरोपण के साथ बनें पर्यावरण प्रहरी : अश्रि्वन शैणवी
जागरण संवाददाता, हिसार : सेवा, सुरक्षा और सहयोग के प्रति सजग हिसार पुलिस ने शुक्रवार को पौधरोपण
जागरण संवाददाता, हिसार :
सेवा, सुरक्षा और सहयोग के प्रति सजग हिसार पुलिस ने शुक्रवार को पौधरोपण करने के साथ पर्यावरण प्रहरी बनने का नारा दिया। एसपी अश्रि्वन शैणवी और डीएसपी जयपाल सिंह ने नई पुलिस लाइन के क्वार्टर एरिया में डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल के सहयोग से पर्यावरण को शुद्ध रखने के लिए पौधरोपण किया, वहीं महिला थाना परिसर में थाना एसएचओ सरोज ने टीम के साथ त्रिवेणी लगाई। पुलिस अधिकारियों ने इस अवसर पर सभी को ना सिर्फ पौधरोपण करने बल्कि एक पौधे को पेड़ बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
एसपी शैणवी ने कहा कि अगर सभी पर्यावरण संरक्षण के साथ प्रहरी की भूमिका निभाएंगे, तो हरियाली का दायरा बढ़ेगा। वक्त की मांग है ज्यादा से ज्यादा हरियाली। अगर मानव ने प्रकृति से मुंह या इनका रखरखाव नहीं किया तो भविष्य की कल्पना रोंगटे खड़े देगी। इसलिए पौधरोपण करके मानव को प्रकृति के प्रति अपना कर्तव्य अवश्य निभाना चाहिए। अधिक से अधिक पौधरोपण करके ही पर्यावरण को शुद्ध व स्वच्छ रख सकते हैं। एसपी व उनकी टीम ने स्कूल स्टाफ व बच्चों के साथ मिलकर आवासीय पुलिस कालोनी क्षेत्र में 600 पौधे लगाए।
प्रकृति का संतुलन बने रहना जरूरी :डीएसपी
डीएसपी सिटी जयपाल सिंह ने कहा कि वर्तमान की भाग दौड़ भरी जिंदगी में मनुष्य इतना व्यस्त हो गया है कि वह प्रकृति के असंतुलन की तरफ ध्यान भी नहीं दे पाता। मनुष्य को कभी ज्यादा गर्मी, कभी ज्यादा सर्दी, ज्यादा सूखा, ज्यादा बरसात आदि का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए प्रकृति का संतुलन बने रहना जरूरी है। सभी मिलकर हरियाली का दायरा बढ़ाने में सहयोग करें। पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल भी करें।
हर व्यक्ति लगाए एक पौधा : एसएचओ
महिला थाना एसएचओ सरोज का कहना है कि एक पेड़ हजारों लोगों को जिंदगी देता है। अगर पेड़-पौधे नहीं होंगे तो पृथ्वी पर सर्वनाश हो जाएगा। ग्लोबल वार्मिग के पीछे कारण प्रकृति से खिलवाड़ करना है। लोग कंकरीट के भवन तो बना रहे हैं लेकिन कोई हरियाली की ओर ध्यान नहीं देता है। हर व्यक्ति को जीवन में कम से कम एक पौधा तो लगाना ही चाहिए। इससे प्रदेश में हरियाली का पुराना दौर लौटेगा।
ये रहे उपस्थित
इस पौधरोपण अवसर पर एसपी, डीएसपी के अलावा निरीक्षक जगदेव सिंह, एएसआई संदीप कुमार, एसपी रीडर एएसआई बाबू सिंह, एएसआइ अमरजीत सिंह, डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल की प्राचार्या डा. इंदुबाला, कोच कर्मबीर सिंह पीटीआई अशोक कुमार ढुल्ल सहित अन्य मौजूद थे।