विवाहिता की मौत, ससुराल पक्ष पर मामला दर्ज
संवाद सहयोगी, हिसार : संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन करने से निजी अस्पताल में उपचारा
संवाद सहयोगी, हिसार : संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन करने से निजी अस्पताल में उपचाराधीन जींद स्थित आश्रम बस्ती निवासी गीता ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शनिवार को मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं पुलिस ने परिजनों के बयान पर ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। घटना शुक्रवार की है।
मृतका के पिता जींद स्थित कुम्माहरण मोहल्ला निवासी मुंशीराम ने बताया कि उसकी बेटी की शादी ढाई साल पहले सोनू के साथ हुई थी। मृतका का एक लड़का है। शादी के कुछ महीने बाद पति सहित ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य गीता को दहेज के कारण परेशान करते थे। इसके अलावा उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे इसी बात के चलते ससुराल पक्ष ने गीता के साथ मारपीट की और उसे जबरदस्ती जहरीला पदार्थ खिला दिया। जब उन्हें पड़ोसियों द्वारा इस घटना की जानकारी मिली तो वे घटनास्थल पर पहुंच गए और उसे निजी अस्पताल में भर्ती करवा दिया। जहां देर रात उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस मामले की जांच कर रहे एएसआई सुरेश कुमार ने बताया कि मृतका के परिजनों द्वारा दिए बयान के आधार पर पति सोनू, सास मुनिया, ससुर अजमेर व देवर मोनू पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।