नहीं मिली खाद दूसरे दिन भी किसानों ने लगाया जाम
जागरण संवाददाता, हिसार : यूरिया खाद को लेकर किसानों का पारा इन दिनों गरम चल रहा है। वहीं प्रशासन उन्
जागरण संवाददाता, हिसार : यूरिया खाद को लेकर किसानों का पारा इन दिनों गरम चल रहा है। वहीं प्रशासन उन्हें समय पर खाद उपलब्ध नहीं करा पा रहा है। इस बात से आजिज आए किसान बुधवार को भी अनाज मंडी रोड को जाम कर जबर्दस्त रोष जताया। इसके बावजूद उन्हें खाद नहीं मिली। कृषि अधिकारियों ने शुक्रवार को उन्हें खाद मुहैया कराने का दावा किया है। बीते मंगलवार को भी किसानों ने प्रदर्शन कर रोड जाम किया था। बाद में कृषि अधिकारियों ने किसी तरह उन्हें खाद मुहैया कराई थी।
खाद की सप्लाई इन दिनों पटरी से उतरी हुई है। किसानों की खेत पानी से लकदक है। वहीं खाद के इंतजार में कृषक बेचैन हो रहे हैं। उन्हें भय साल रहा है कि खेत से पानी खत्म हो गया तो उसमें खाद देने का कोई लाभ नहीं मिलेगा। बुधवार की सुबह भी बड़ी संख्या में किसान अनाज मंडी खाद प्राप्त करने के लिए पहुंचे पर वहां उन्हें खाद उपलब्ध नहीं होने की सूचना मिली। इस पर वे भड़क गए और हंगामा करना शुरू कर दिया। करीब दो दर्जन से अधिक किसान सिरसा रोड पर पहुंच गए और सड़क को जाम कर दिया। वहां जमकर नारेबाजी की। वहीं मौके पर मौजूद कृषि अधिकारियों ने उन्हें अपनी समस्या बताई। समझाने का प्रयास किया। कई किसान मान गए पर कई उनके कहे में नहीं आए। उन्होंने दुबारा से रोड जाम कर दिया। बाद में वे भी मान गए।
कृषि विभाग के एसएमएस संदीप मलिक ने बताया कि किसानों को बताया दिया गया है कि विभाग के पास फिलहाल खाद उपलब्ध नहीं है। शुक्रवार को हर हाल में बड़ी मात्रा में खाद उपलब्ध हो जाएंगी। उस दिन हर हाल में किसानों को खाद उनके गांव में ही मिलेगी।