पार्षद पहन सकते हैं भगवा चोला
- केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार, निगम पार्षद हो सकते हैं पार्टी में शामिल जागरण संवाददाता, ह
- केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार, निगम पार्षद हो सकते हैं पार्टी में शामिल
जागरण संवाददाता, हिसार : विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत के साथ हरियाणा में एंट्री के बाद भाजपा ने निगम में अपनी जगह बनाने के प्रयास तेज कर दिए हैं। इस कड़ी में दल-बदल और तख्ता पलट के लिए पार्षदों को रिझाना शुरू कर दिया है। भाजपाइयों ने दीपावली के बहाने कई पार्षदों के साथ मीटिंग तक कर ली है। किसी को विशेष निमंत्रण भेजा था, तो कईयों से फोन पर संपर्क किया है।
शहर में चर्चा है कि भाजपाइयों का दीपावली की बधाई देना तो बस एक बहाना था। इनका मुख्य उद्देश्य पार्षदों को पार्टी में शामिल करने के लिए मनाना था। हालांकि इस काम में कुछ हद तक भाजपा नेता कामयाब हो चुके हैं। ऐसे में उम्मीद है कि निगम हाउस में भगवा चोला पहने हुए कई पार्षद जल्द नजर आने वाले हैं।
दरअसल, सवा साल पहले हिसार नगर निगम चुनावों में भाजपा समर्थित कई उम्मीदवार मैदान में उतारे थे। लेकिन कोई नहीं जीत पाया। ज्यादातर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज करते हुए वार्ड 12 से विजयी शकुंतला राजलीवाला को मेयर चुना था। इस दौरान निगम हाउस में इनेलो समर्थित कई प्रत्याशी चुनाव जीते और विपक्ष में बैठे। उनका भी एकमात्र उद्देश्य जैसे-तैसे मेयर की कुर्सी को हासिल करना था। ऐसे में ताकत बढ़ाने के लिए इनेलो ने भी खूब पापड़ बेले। हाल ही में लोकसभा चुनावों में हिसार से इनेलो प्रत्याशी दुष्यंत चौटाला बनने के बाद पार्षदों के हौसले बुलंद हो गए। इनेलो की बढ़ती ताकत देखकर डिप्टी मेयर भीम महाजन ने भी हाथ झटक कर इनेलो में शामिल हो गए।
बॉक्स
पांच से हुए आठ
निगम हाउस में पहले पांच इनेलो समर्थित पार्षद विपक्ष में बैठते थे। अब यह संख्या बढ़कर आठ तक पहुंच गई। इन्हें उम्मीद थी कि विस चुनावों में इनेलो की सरकार बनते ही मेयर की कुर्सी पाने की राह आसान हो जाएगी। पर, ऐसा नहीं हो पाया। नमो की लहर के कारण विपक्षी पार्टियों के सरकार बनाने का सपना चकनाचूर हो गया। इसी के साथ मेयर की कुर्सी भी दूर हो गई।
बॉक्स
इनसे संपर्क साधा
भाजपा के कद्दावर नेताओं ने इनेलो समर्थित एक महिला पार्षद से संपर्क किया है। इसके अलावा निर्दलीय पार्षदों को बुलाकर बैठक तक की है। ऐसे में हो सकता है कि बैकडोर से कई पार्षद भगवा चोला पहनकर निगम की आगामी बैठक में शहर के विकास को लेकर अपनी बात रखें।
बॉक्स
अविश्वास के लिए 14 पार्षद
हिसार में मेयर की कुर्सी पाने के लिए 14 पार्षदों का अविश्वास प्रस्ताव पास करना जरूरी है। इसके बाद निगमायुक्त को पार्षद अविश्वास प्रस्ताव सौंपेंगे। इसके बाद नई मेयर को लेकर फैसला किया जाएगा। अभी मेयर शकुंतला राजलीवाला हैं। इनके पक्ष में सात से दस पार्षद हैं। ऐसे में मेयर की कुर्सी के लिए भाजपा को काफी प्रयास करने होंगे।