नकली नोट बनाने वाले दो गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम : नकली नोट बनाकर रात के अंधेरे में असली के रूप में चलाने वाले दो आरोपियों
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम : नकली नोट बनाकर रात के अंधेरे में असली के रूप में चलाने वाले दो आरोपियों को क्राइम ब्रांच-46 ने सुल्तानपुर रोड से गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से 500-500 के तीन नकली नोट भी बरामद किए गए हैं।
बुधवार शाम क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि नकली नोट बनाकर असली के रूप में चलाने वाले दो लोग बाइक से गुरुग्राम आने वाले हैं। वे सुल्तानपुर रोड से गढ़ी हरसरू होते हुए आएंगे। सूचना के आधार पर टीम ने नाकेबंदी कर दी। कुछ देर बाद एक बाइक पहुंची। नाका देखकर बाइक चालक ने पीछे मुड़ने का प्रयास किया लेकिन तब तक पुलिस उसके नजदीक पहुंच गई। पूछताछ में दोनों की पहचान झज्जर के गांव खेड़ी जट्ट निवासी सोमबीर एवं रोहतक के गांव खिड़वाली निवासी सूरज के रूप में की गई। बाइक सोमबीर के नाम है। तलाशी के दौरान सोमबीर की जेब से 500-500 के दो नोट एवं सूरज की जेब से 500 का एक नोट बरामद किया गया। जांच में तीनों नोट नकली निकले। दोनों के खिलाफ सेक्टर 10 थाने में मामला दर्ज किया गया है। दोनों को बृहस्पतिवार अदालत में पेश कर तीन दिन की रिमांड पर लिया गया है।
चचेरा भाई पहले बनाता था नकली नोट
पूछताछ में आरोपी सोमबीर ने तीन साल पहले अपने चाचा के लड़के को रोहतक में नकली नोट बनाते हुए देखा था। वहीं पर नकली नोट बनाना दिखा। चचेरा भाई रोहतक पुलिस के हत्थे चढ़ चुका है। फिलहाल झज्जर के दुलीना जेल में बंद हैं। इसके बाद भी सोमबीर के दिमाग से नकली नोट बनाने की बात नहीं निकली। उसने अपने साथी सूरज के साथ मिलकर अजमेर में नकली नोट बनाना शुरू किया। नोट छापने वाली मशीन दिल्ली से खरीदी थी। नोट छापने के बाद रात के अंधेरे में नकली नोट को असली के रूप में चलाते थे। पुलिस पूछताछ के माध्यम से नोट छापने वाली मशीन व अन्य सामग्री बरामद करने के प्रयास में जुटी है। दोनों नकली नोट बनाने से पहले रोहतक में कमरा किराये पर लेकर पलंबर का काम करते थे।
:::::::::: आदित्य राज :::::