सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने खूब तालियां बटोरीं
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम : राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) परिसर में आयोजित
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम : राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) परिसर में आयोजित तीन दिवसीय गीता महोत्सव के दूसरे दिन सेमिनार का आयोजन किया गया। महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी धूम रही। विभिन्न स्कूलों से आए बच्चों ने धमाकेदार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं।
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जैकबपुरा की छात्राओं ने 'बेटी बचाओं-बेटी पढ़ाओ' विषय पर हरियाणवी डांस प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा। रॉकफार्ड स्कूल के विद्यार्थियों ने मां दुर्गा पर अपनी धार्मिक प्रस्तुति दी, जिससे पूरा वातावरण भक्ति के रंग में रंगा हुआ प्रतीत हुआ। महोत्सव में इस्कॉन के कलाकारों ने भगवान श्री कृष्ण द्वारा दिए गए गीता के उपदेश पर प्रस्तुति दी, जिसमें गीता के महत्व व इसमें छिपे रहस्यों को उजागर किया गया। महोत्सव में आयोजित सेमिनार में विभिन्न वक्ताओं द्वारा गीता सार पर अपने विचार रखे गए। उमेश कुमार दुबे ने हरियाणा को वीरों की धरती कहकर संबोधित किया।
विधायक तेजपाल तंवर ने दीप प्रज्ज्वलित कर सेमिनार का शुभारंभ किया। श्री माता शीतला मंदिर द्वारा संचालित श्रृंगेरी विद्यापीठ के 11 विद्यार्थियों ने पारंपरिक वेशभूषा में श्री गणेश का स्वस्ति वाचन द्वारा आह्वान किया। उनकी अगुवाई श्री माता शीतला पूजा स्थल बोर्ड के सदस्य अमरचंद भारद्वाज ने की। विधायक तंवर ने कहा कि गीता हमें जीवन जीने की पद्धति सिखाती है, इसमें 18 अध्याय हैं। उन्होंने कहा कि महाभारत का युद्ध 18 दिन चला था। अर्जुन परिवार के मोह में पड़ गए थे, जिससे बाहर निकालने के लिए भगवान कृष्ण ने उन्हें गीता का उपदेश दिया और अंत में धर्म की जीत हुई। गीता में लिखित ज्ञानवर्धक बातें जीवन की प्रत्येक परिस्थिति में हमारा मार्गदर्शन करती है। उन्होंने उपस्थित लोगों का आह्वान करते हुए कहा कि हमे जीवन में मेहनत करके आजीविका कमानी चाहिए, मेहनत का फल अवश्य मिलता है। जीवन में शान्ति व संतुष्टि का होना अत्यंत आवश्यक है।
भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष बबीता कराना, भाजपा नेता कुलभूषण भारद्वाज, नगर निगम के पूर्व पार्षद सुभाष ¨सगला, भाजपा नेत्री अनु यादव, नगराधीश अल्का चौधरी, हरियाणा राज्य परिवहन डिपो के महाप्रबंधक जयदीप कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी नीलम भंडारी, एससीईआरटी की उप-निदेशक ज्योति चौधरी, खंड शिक्षा अधिकारी इंदू बोकन व प्रोजेक्ट कोआर्डिनेटर राजेश गुप्ता मौजूद थे।