टोल पर फर्जी पर्ची काट रहे दो बूथ ऑपरेटर गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम नोटबंदी के बाद भी लोग पैसे के लिए तरह-तरह के तरीके इजाद कर रहे हैं।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम
नोटबंदी के बाद भी लोग पैसे के लिए तरह-तरह के तरीके इजाद कर रहे हैं। ताजा मामला उद्योग विहार थाना एरिया के फेज-3 में सामने आया है। यहां टोल बूथ पर तैनात दो टोल कर्मियों पर कंपनी की मशीन से पर्ची न काटकर दूसरी मशीन से टोल पर्ची काटने व पैसे वसूलने का आरोप लगा है। टोल मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए लोगों की पहचान बंटी व मोहन के रूप में की गई है। दोनों टोल पर बूथ ऑपरेटर का काम करते थे।
दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सरहौल टोल के पास एमसीडी का टोल काटा जाता है। दोनों आरोपी टोल पर बूथ ऑपरेटर के तौर पर काम कर रहे थे। बताया जाता है कि नोटबंदी के बाद से टोल पर जिस कंपनी को ठेका दिया गया है, उसने बूथ ऑपरेटरों को टोल वसूली के लिए मशीनें दी हैं। कैश नहीं होने के बाद लोग कार्ड से स्वाइप करके टोल जमा कर रहे थे। बताया जाता है कि दोनों बूथ ऑपरेटर कंपनी की मशीन की बजाय दूसरी मशीन से टोल पर्ची काटकर पैसे वसूल रहे थे। इसकी भनक टोल मैनेजर को लग गई। बुधवार को दिन में ही टोल अधिकारी ने दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया। बाद में इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस के पहुंचने के बाद आरोपियों को उन्हें सौंप दिया गया। इस मामले में टोल अधिकारी पवन ¨सह की शिकायत पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया।