मानेसर में बनेगा दो सीटों वाला प्लेन, 15 लीटर पेट्रोल में चलेगा 150 किमी
इस प्लेन में कार के बराबर ही ईंधन का उपयोग होगा। डेमो के लिए कंपनी ने एक प्लेन आयात भी कर लिया है।
गुरुग्राम [ आदित्य राज ] । अगले साल से मानेसर में दो सीटों वाले प्लेन का निर्माण शुरू हो जाएगा। इसके लिए जाइरॉक्स एविएशन नामक कंपनी ने फ्रांस की सेलियर एविएशन नामक कंपनी से उत्पादन का अधिकार प्राप्त कर लिया है।
उत्पादन के बाद पूरी दुनिया में भारत से ही दो सीटों वाले प्लेन का निर्यात होगा। इस प्लेन में कार के बराबर ही ईंधन का उपयोग होगा। डेमो के लिए कंपनी ने एक प्लेन आयात भी कर लिया है।
इसकी उपयोगिता के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए सेना के अलावा अर्द्धसैनिक बलों के अधिकारी कंपनी से संपर्क करने लगे हैं।
यही नहीं हरियाणा के नागरिक उड्डयन मंत्री राव नरबीर सिंह भी इस प्लेन से उत्साहित हैं। उनका मानना है कि प्रदेश में हर जिले में प्रशासन के पास प्लेन होना चाहिए।
इससे कम से कम समय में पूरे शहर की निगरानी की जा सकेगी। बाढ़ या किसी भी आपदा की स्थिति में इससे कम खर्च में हवाई सर्वेक्षण करना आसान होगा।
15 लीटर पेट्रोल में 150 किलोमीटर
इस प्लेन की कीमत डेढ़ करोड़ से कुछ ही अधिक है। इससे 15 लीटर में 150 किलोमीटर की यात्रा जा सकेगी। यह जहाज 18 हजार फुट की ऊंचाई तक उड़ सकेगा।
खुदा-न-खास्ते कहीं गिर भी गया कोई नुकसान नहीं होगा। ईंधन समाप्त होने पर भी यह सीधे नहीं गिरेगा, क्योंकि पंखा घूमता रहेगा। यह पूरी तरह जीपीएस से लैस है। यह रात में भी उड़ सकेगा। इससे एयर एंबुलेंस का काम भी लिया जा सकता है।
जाइरॉक्स एविएशन के सीएमडी कर्नल रामपाल सुहाग ने कहा कि मैं मेक इन इंडिया में विश्वास रखता हूं। मुझे लगा कि पूरी दुनिया को दो सीटों वाले प्लेन की आवश्यकता है। यदि इसका उत्पादन अपने देश में ही हो तो बेहतर होगा।
इसे ध्यान में रखकर उत्पादन का अधिकार प्राप्त किया है। अब पूरी दुनिया में भारत से ही जाइरॉक्स प्लेन का निर्यात होगा। इसका बेहतर उपयोग हो इसके लिए भी प्रदेश सरकारों से भी बातचीत शुरू कर दी गई है। खुशी है कि हरियाणा के नागरिक उड्डयन मंत्री राव नरबीर ङ्क्षसह ने दिलचस्पी दिखाई है। उन्होंने प्लेन में उड़ान भरकर इसकी अहमियत को महसूस किया है।