आपस में कहासुनी पर युवक की हत्या
जागरण संवाददाता, गुड़गांव : गांव टीकली की अरावली पहाड़ी में धर्मेद्र नामक युवक की रविवार शाम गोली मारक
जागरण संवाददाता, गुड़गांव : गांव टीकली की अरावली पहाड़ी में धर्मेद्र नामक युवक की रविवार शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप उसके साथियों पर ही लगा है। सभी की पहचान कर ली गई है। युवक टीकली का ही रहने वाला था। गोली मारने वाले साथी भी उसी के गांव के हैं। सूचना मिलने के बाद बादशाहपुर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रविवार शाम धर्मेद्र के साथी उसके घर पर आए और अपने साथ लेकर चले गए। बताया जाता है कि सभी गांव की पहाड़ी में चले गए। वहीं पर आपस में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इस पर एक साथी ने धर्मेद्र के सिर में गोली मार दी। यही भी बताया जाता है कि पहले से ही किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे जिला नागरिक अस्पताल लेकर आए। यहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से गांव में हड़कंप मचा हुआ है। बादशाहपुर थाना प्रभारी प्रवीण मलिक ने बताया कि हत्या का आरोप लोकेश, रमेश, आनंद, कुलदीप एवं बंटी पर लगाया गया है। सभी गिरफ्त से बाहर हैं। जल्द ही गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा। हत्या करने के पीछे मूल वजह क्या है, इस बारे में आरोपियों की गिरफ्तारी से ही पता चलेगा।