स्मार्ट सिटी की दौड़ अब भी जारी : राव इंद्रजीत
जागरण संवाददाता, गुड़गांव : स्मार्ट सिटी की जारी सूची में गुड़गांव का नाम न आने से परेशान शहरवासियों क
जागरण संवाददाता, गुड़गांव : स्मार्ट सिटी की जारी सूची में गुड़गांव का नाम न आने से परेशान शहरवासियों को केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने शुक्रवार को फिर से उम्मीद दिलाई। महिला पुलिस थाने के उद्घाटन समारोह के दौरान उन्होंने बताया कि स्मार्ट सिटी के लिए गुड़गांव की दौड़ अब भी जारी है। अभी दो शहरों के नाम सूची में शामिल होने हैं। इनमें एक नाम गुड़गांव का हो, इसका लिए भरपूर प्रयास किए जा रहे हैं। इसलिए शहर के लोगों को हताश होने की जरूरत नहीं है। राव इंद्रजीत ने कहा कि वे अपने स्तर पर प्रयास कर ही रहे हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर स्मार्ट सिटी में गुड़गांव का नाम शामिल करने के लिए आग्रह किया है। उन्होंने हरियाणा में गुड़गांव को तीसरी स्मार्ट सिटी के तौर पर शामिल किए जाने का आग्रह किया है। इसलिए हमें पूरी उम्मीद है कि गुड़गांव का नाम स्मार्ट सिटी की सूची में शामिल हो जाएगा। बता दें कि मंत्री जिन दो जगहों की बात कर रहे हैं, उनमें से एक यूपी के लिए खाली है, जहां राय बरेली और मेरठ के बीच रेस जारी है। जबकि दूसरी जगह जम्मू एवं कश्मीर से भरी जानी है।