अब कार्यकर्ता की जिम्मेदारी बढ़ गई: राजनाथ
जासं, गुड़गांव: भारतीय जनता पार्टी की केंद्र के बाद अब हरियाणा में सरकार बनने के बाद कार्यकर्ताओं की
जासं, गुड़गांव: भारतीय जनता पार्टी की केंद्र के बाद अब हरियाणा में सरकार बनने के बाद कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी पहले से ज्यादा बढ़ गई है। पहले हम विपक्ष में थे जो सरकार की आलोचना करते थे, उसकी नीतियों की खामियां निकालते थे, लेकिन अब सरकारी नीतियां सही तरह से लागू हों इन पर निगरानी रखने की जिम्मेदारी भाजपा के कार्यकर्ताओं को ईमानदारी के साथ निभानी होगी। यह बात केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने सोहना क्षेत्र से भाजपा नेता पूर्व चेयरमैन नरेश गहलोत के नेतृत्व में दिल्ली स्थिति उनके निवास पर मिलने गए कार्यकर्ताओं से कही।
भाजपा के यह कार्यकर्ता हरियाणा में भाजपा की जीत की बधाई देने के लिए राजनाथ सिंह के निवास पर पहुंचे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि विधायकों की पूरी जिम्मेदारी बनती ही हैं कि वह अपने व्यवहार और काम से जनता का दिल जीते रहें और ऐसे कोई कटु बात न हो जिससे जनता का दिल आहत हो, लेकिन विधायकों से ज्यादा जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं की होती है उन्हीं के दम पर सरकार बनती और बिगड़ती है। वही विधायक और सांसद बनाने में अहम रोल अदा करते हैं। जिस पार्टी के कार्यकर्ता अनैतिक कामों पर उतर आते हैं जनता उस पार्टी को सत्ता से बाहर करने में देर नहीं लगाती है। जिसके कार्यकर्ता अच्छे हों, उनका आचरण अच्छा हो तो निश्चित तौर पर सरकार सालों साल चलती है। मध्य प्रदेश, गुजरात इसके उदाहरण हैं और हरियाणा में भी इस बात का ध्यान हमें रखना होगा।