खेल: खेल हास्टल सहायक नशे में खिलाड़ियों को तंग करने का लगा आरोप
जागरण सवांददाता, गुड़गांव : जिला खेल विभाग के अधिकृत चल रहे हास्टल के खिलाड़ियों ने एक सहायक पर शराब पीकर परेशान करने व कई बार खाना नहीं देने का आरोप लगाया है। यह बात शनिवार शाम प्रदेश के खेल मंत्री सुखवीर कटारिया तक पहुंची तो उन्होंने जिला खेल अधिकारी को आरोपी सहायक को निलंबित कर उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के संकेत दिए हैं। रविवार होने के चलते जिला खेल अधिकारी ने मंत्री के निर्देशों के बाद भी आरोपी के खिलाफ कोई आदेश नहीं जारी किया। सोमवार को निलंबन के आदेश जारी हो सकते हैं।
शनिवार की प्रदेश खेल मंत्री सुखबीर कटारिया एक कार्यक्रम में नेहरू स्टेडियम पहुंचे। यहां के खिलाडि़यों ने बताया कि अधिकारी सहायकपर लगाम नहीं लगा पा रहे हैं। वह हर रोज शराब पीकर रात भर परेशान करता है जिस से हर रात डर में गुजरती है। खिलाडि़यों ने आरोप लगाया कि प्रशिक्षकों को हमारी झूठी शिकायत लगाते रहते है। खिलाड़ियों ने बताया कि पिछले दिनों गुड़गांव में राज्य स्तरीय प्री नेहरू हाकी प्रतियोगिता खेली गई थी, जिस में गुड़गांव हास्टल टीम के दो अलग अलग दिन रात 9 बजे मैच खेला गया। देर रात होने पर सहायक ने टीम को खाना नहीं दिया और दो दिन रात को टीम खिलाड़ी बिना खाना खाए रात गुजारी। सहायक की दलील थी कि हास्टल में खाने का समय तय किया हुआ है। जबकि खिलाड़ियों का कहना है कि प्रतियोगिता के कारण देरी हुई थी कोई नियम नहीं तोड़े गए। यह भी बात सामने आई कि दो प्रशिक्षकों का सहायक चमचा बना हुआ है। उनके साथ रात में पैग भी लगाए जाते है। खेल हास्टल का यह सहायक वैसे तो विभाग से हाउस रेंट ले रहा है। लेकिन रहता हास्टल में और सुबह शाम खाना भी खाता है जो नियम के विपरीत है।
-------------------
वर्जन
''मैं नेहरू स्टेडियम गया था जब खिलाड़ियों से कुशलक्षेम पूछी तो यह बात सामने आई। डयूटी के दौरान शराब पीना खिलाड़ियों का शोषण करना अपराध है। इस अपराध की सजा उसे मिलेगी। मैंने जिला खेल अधिकारी को कार्यवाही के आदेश दे दिए हैं। गलत कार्य सहन नहीं किए जाएंगे।
सुखबीर कटारिया, प्रदेश खेल मंत्री