Move to Jagran APP

इनेलो ने फूंका चुनावी बिगुल

By Edited By: Published: Fri, 22 Aug 2014 03:04 AM (IST)Updated: Thu, 21 Aug 2014 08:04 PM (IST)

जागरण संवाददाता, नूंह :

loksabha election banner

चुनावी तारीखों की घोषणा से पूर्व इनेलो ने मेवात में अपनी ताकत दिखा क्षेत्र में चुनावी बिगुल फूंक दिया। नूंह की नई अनाज मंडी में पार्टी की ओर से आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी के मौजूदा शीर्ष नेतृत्व ने मेवात में इनेलो की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरा। सम्मेलन में नूंह विधानसभा क्षेत्र से जाकिर हुसैन के नाम की घोषणा करने के साथ ही पार्टी नेताओं ने कांग्रेस की नाकामियों को इस चुनाव में भुनाने का मंत्र दिया। इनेलो के कार्यकर्ता सम्मेलन में नूंह के प्रत्याशी के नाम की घोषणा की उम्मीद से हजारों लोग इकट्ठा हुए थे। कई दिनों से चल रही कयासबाजी पर विराम लगाते हुए पार्टी नेता अभय चौटाला और प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने सम्मेलन से पूर्व गुड़गांव में पत्रकार वार्ता कर नूंह से जाकिर हुसैन के नाम की घोषणा की। जैसे ही यह खबर नूंह की अनाज मंडी में पहुंची, कार्यकर्ताओं में उत्साह के साथ जोश दौड़ता चला गया। नेताओं के गुड़गांव से प्रस्थान से पूर्व ही अनाज मंडी कार्यकर्ताओं से खचाखच भरने लगी। नेताओं के पहुंचने से पहले ही यहां उम्मीद से अधिक भीड़ एकत्रित हो गई। सम्मेलन शुरू होने के बाद जितनी बार भी मंच से जाकिर हुसैन का नाम लिया, लोगों ने खड़े होकर उनका अभिनंदन किया। अभय चौटाला ने कहा कि मेवात के आवाम को अपनी सरकार बनाने के लिए मेवात की तीन विधानसभा सीटों सहित पलवल की हथीन और गुड़गांव की सोहना-तावडू सीट की जीत भी सुनिश्चित करनी है। कार्यकर्ताओं को कांग्रेस के दस साल के कुशासन को याद रखते हुए एक-एक वोट इनेलो के उम्मीदवारों को देना और दिलाना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के दस साल के शासन में विकास महज कागजों में हुआ है। कागजों की आंकड़ेबाजी पेश कर भूपेंद्र सिंह हुड्डा प्रदेश में विकास का दावा करते हैं। सही मायने में विकास राशि कागजों तक नहीं सिमटी है।

भाजपा पर भी बोला हमला

भाजपा पर हमलावर होते हुए कहा कि भाजपा के पास टिकट देने के लिए उम्मीदवार ही नहीं है। लोकसभा चुनाव की तरह इस बार भी भाजपा कांग्रेस और दूसरी पार्टियों के भगौड़ों को अपना उम्मीदवार बनाकर जनता के सामने पेश करेगी। लोकसभा चुनाव में भाजपा ने सात में पांच उम्मीदवार कांग्रेस से उधार लिए थे। उन्होंने कहा कि कई दशक पहले एक सपना ताऊ देवीलाल ने देखा था। इनेलो उसे साकार करने का पूरा प्रयास कर रही है।

घोषणा पत्र में ताऊ की झलक है : प्रदेश अध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने कहा इस बार का घोषणापत्र पूरी तरह ताऊ की नीतियों के अनुरूप बनाया गया है। पार्टी ने अपनी 73 सीटों की घोषणा कर दी है। टिकट बंटवारे में सभी वर्गो का ख्याल रखा गया है। महिलाओं के हिस्से में दस सीटें दी गई है। साथ ही युवाओं को तव्वजों दी गई है। प्रत्याशी जाकिर हुसैन ने परिवहन मंत्री पर कई आरोप लगाते हुए कहा वो चौटाला परिवार के एहसानमंद हैं। उन्होंने मुझे नहीं मेवात को सम्मान दिया है। इनेलो की सरकार बनने पर मेवात को पूरा हक मिलेगा। मेवात में पर्यटन केंद्र, इंडरी उपतहसील बनाएंगे। युवाओं को रोजगार व मेवता में रेल की पटरी व विश्वविद्यालय बनवाया जाएगा। इस मौके पर मोहम्मद इलियास, नसीम अहमद, गोपीचंद गहलोत, बदरुद्दीन, हरीश मलिक सुबराती, राहुल जैन, योगेश शर्मा, आस मोहम्मद, अकबर, रणजीत नंबरदार, सरोज सहित हजारों लोग मौजूद थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.