संघर्ष नहीं, अब न्याय देने का भरोसा
गुड़गांव : विधानसभा चुनाव की तारीखों का भले ही अभी एलान नहीं हुआ हो, लेकिन शहर में राजनीति सरगर्मी तेज होती जा रही हैं। प्रचार-प्रसार में बढ़त बनाने को लेकर प्रतिस्पर्धा सी चल रही हैं। हर कोई प्रचार के लिए नए-नए हथकंडे अपना रहा है। आयुध डिपो के प्रतिबंधित नौ सौ मीटर दायरे में लोगों को तमाम समस्याओं के निदान के लिए संभावित प्रत्याशियों ने पूरा जोर इसी इलाके पर दे रखा है। शीतला कालोनी व राजीव नगर में आहूत एक बैठक में भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी उमेश अग्रवाल ने भी लोगों की इसी दुखती नस पर हाथ रखा। उन्होंने कहा कि सालों से प्रतिबंधित दायरे में विकास कार्य के लिए संघर्ष कर रहे लाखों लोगों के अच्छे दिन आने वाले हैं। अब उनका संघर्ष रंग लाएगा और उन्हें न्याय मिलेगा। अग्रवाल ने कहा कि उच्च स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं कि आयुध डिपो को शिफ्ट कर दिया जाए। इसकी भी चर्चा है कि इसका दायर सौ मीटर कर दिया जाए। हालांकि कोशिश कर रहे हैं कि यह शिफ्ट हो जाए। वैसे भी अब इस दायरे में कुछ विकास कार्य की सुगबुगाहट भी होने लगी है। अग्रवाल ने कहा कि इतने साल इंतजार किया तो बस कुछ दिन की बात है फिर सब कुछ अच्छा होगा और इस दायरे की सारी समस्याओं का निदान कर दिया जाएगा।