सौंदर्य के लिए लोग थाम रहे हैं योग का दामन
गुड़गांव, प्रियंका दुबे मेहता। अगर तन स्वस्थ है तो मन भी स्वस्थ रहेगा और मन स्वस्थ है तो उसका सीधा प्रभाव चेहरे पर देखने को मिलता है। यह बात बिलकुल सच है। इस बारे में विशेषज्ञ कहते हैं कि शरीर को अगर फिट रखा जाए तो चेहरे को खूबसूरत बनाया जा सकता है। खूबसूरती के इन नुस्खे का जानने के बाद शहर की युवतियों में योग के प्रति दीवानगी बढ़ी है। महिलाओं व्यस्त दिनचर्या में से एक घंटा अपने लिए निकाल रही हैं व उसके सकारात्मक परिणाम भी पा रही हैं।
पॉश इलाकों में महिलाओं में योग के प्रति बढ़ती दीवानगी को देखा जा सकता है। सुशांत लोक व डीएलएफ के विभिन्न इलाकों में बाकायदा महिलाओं के लिए प्रशिक्षण संस्थान खुल गए हैं जहां म्यूजिक व फूलों की प्राकृतिक खुशबू के साथ योग क्रियाएं करवाई जाती हैं। डीएलएफ निवासी योगा प्रशिक्षक सपना का कहना है कि योगा से जो 'इनर ब्यूटी' निखरती है उसकी वजह है कि शरीर में स्फूर्ति व मानसिक शांति योग के जरिये मिलती है और उसी से चेहरे पर भी निखार आता है। उनके मुताबिक उनके पास टीनएजर से लेकर हर उम्र की युवतियां आती हैं। उनका कहना है कि केवल इसी दुनिया में खो जाने के लिए वह अपने घर के बेसमेंट में बनाए एक हॉल में केवल हल्का व मधुर संगीत बजाती हैं, लोगों के मोबाइल आदि इस दौरान स्विच ऑफ करवा देती हैं ताकि बाहरी हलचल इन क्रियाओं को प्रभावित न कर सके। सुशंात लोक निवासी सोनिका का कहना है कि वह योगा के लिए एक घंटे का समय निकाल लेती हैं। उनके मुताबिक जब उन्होंने योग करना शुरु किया तो उन्हें अपने चेहरे व मानसिक स्थिति में जो परिवर्तन देखने को मिला वह पार्लर में घंटों बिताने में भी नहीं दिख पाया। मंजू सिंह के मुताबिक उन्होंने खुद नोटिस किया कि केवल योगा के माध्यम से जितना बदलाव रूप रंग में आता है वह पार्लर जाकर कभी नहीं आ सकता। हालांकि उनका मानना है कि पार्लर जाना भी आवश्यक है। उनके मुताबिक जिस प्रकार पौधे को बेहतर वातावरण व खाद पानी देकर स्वस्थ बनाया जाता है उसी प्रकार उसे खूबसूरत लुक देने के लिए कटिंग आदि की जरूरत पड़ती है उसी प्रकार रंग रूप को अच्छा लुक देने के लिए पार्लर देना भी आवश्यक है।
इस बारे में ग्रेस एंड ग्लैमर सलोन की संचालक व ब्यूटी एक्सपर्ट प्रिया कालरा कहती हैं कि वे खुद भी महिलाओं से कहती हैं कि वे शरीर को फिट रखें इससे त्वचा निखरती है व रक्त संचरण भी ठीक होता है जिससे चेहरे की चमक बढ़ती है।
बढ़ता है सामाजिक दायरा
योगा प्रशिक्षण केंदों पर बढ़ रही महिलाओं की भागीदारी उनके सोशल सर्कल को भी बढ़ा रही है। इस बारे में साउथ सिटी वन निवासी योगा प्रशिक्षक डा. संयोग का कहना है कि इस बहाने लोगों का मिलना जुलना भी हो जाता है व उनका सामाजिक दायरा बढ़ता है। लोगों को रोजमर्रा की जिंदगी में तनाव से भी काफी हद तक छुटकारा मिलता है। उनके मुताबिक योगा से पूरा शरीर निरोग होता है जिसके चलते चेहरे पर चमक बढ़ती है।
ऐसे पाएं खूबसूरती
योग विशेषज्ञ डा. पदमा के मुताबिक ब्रीदिंग, पश्माशन, सर्वाग आसन, पश्चिमोतान आसन, शन्मुखी व प्राण मुद्रा व मेडीटेशन चेहरे को खूबसूरत प्रदान करता है। प्रिया के मुताबिक इन क्रियाओं के साथ खान पान का भी ध्यान रखना होता है। उनके मुताबिक कैफीन युक्त पदार्थो जैसे चाय कॉफी का अत्याधिक सेवन न करें।
[प्रियंका दुबे मेहता]