महिलाओं ने ली शपथ, खुले में नहीं फेंकेंगी कचरा
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद : आज गांधी जयंती है। याद कीजिए, एक साल पहले आज ही के दिन सरकार ने स्वच्छता
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद : आज गांधी जयंती है। याद कीजिए, एक साल पहले आज ही के दिन सरकार ने स्वच्छता अभियान की शुरुआत की थी। अतीत में झांककर शहर की तस्वीर को याद कीजिए और फिर आज की तस्वीर देखिए। दोनों तस्वीरों को जेहन में रखते हुए फर्क पर गौर फरमाईए। तब लगेगा कि कुछ नहीं बदला, सिर्फ साल बदला है। सरकार ने स्वच्छता अभियान के नाम पर लाखों रुपये बहा दिए। कहीं पोस्टर लगवाए तो कहीं दीवारों पर स्लोगन लिखवाए। हाथों में झाड़ू लेकर अभियान का शुभारंभ करते अधिकारियों ने खूब तस्वीरें ¨खचवाई। चार दिन खूब वाहवाली लूटी। मगर कुछ दिन बाद फिर वही हालात पैदा हो गए। उन्हीं पोस्टरों व स्लोगनों के पास आज लोग भी कचरा डालते हैं। धरातल की तस्वीर वैसे की वैसी है। इसी अभियान एक शुरुआत फिर हो रही है। आज ही के दिन से..
इस मुहिम में दैनिक जागरण भी शामिल हो रहा है। अभियान की शुरुआत का पहला दिन..। जागरण टीम ने तय किया इस मुहिम में अब जनता को जोड़ना है, यानी जन आंदोलन की शक्ल देनी है। शुरुआत ठाकर बस्ती से हुई। यहां मोहल्ले की महिलाओं को एकत्र किया गया। उनसे पूछा गया कि आखिर स्वच्छता अभियान कामयाब क्यों नहीं हो रहा। जब चर्चा हुई तो निकल कर आया कि जनता की लापरवाही बहुत बड़ी वजह है। इसके बाद महिलाओं ने शपथ ली कि वे मुहिम में हर संभव योगदान देंगी। ठाकर बस्ती में यह पुरानी समस्या रही है कि यहां महिलाएं घरों का कचरा सड़क पर डाल देती हैं। वहां गलियों में कचरे के ढेर लग जाते हैं। उन सूअर व पशु मुंह मारते हैं, जिससे कचरा और ज्यादा फैलता है। यही कचरा यहां की महिलाओं का दिखाया गया। तब महिलाओं ने शपथ ली कि भविष्य में न तो ऐसे कचरा खुद फेंगेंगी और न ही अपने परिवार के सदस्यों के फेंकने देंगी। यदि किसी ने कचरा फेंकने की भी कोशिश की तो उसे समझाएंगी। घर के कूड़े को गलियों में फेंकने की बजाय इकट्ठा करेंगी। इस मुहिम में महिलाएं बढ़-चढ़कर भाग लिया। वहीं उन्होंने यह प्रण लिया है कि वह गलियों में हमेशा साफ-सफाई रखेंगी और लोगों को भी ऐसा करने से रोकने के लिए जागरूक करेंगी। इस मुहिम में ठाकर बस्ती निवासी कश्मीरी देवी, शकुंतला, सजनी देवी, संतरा, ममता मेहता राजबाला सैनी, सुलेखा, किरणा, सीमा, सरोज, कंचन, मीनू, नेहा तनेजा आदि महिलाएं शामिल हुई।
जागरण के प्रयासों को सहारा
उन्होंने कहा वह दैनिक जागरण की यह अच्छी मुहिम है। वे भी इस मुहिम में जागरण के साथ हैं। ये लोगों की पुरानी आदत है कि अपने घरों का कूड़ा इकट्ठा कर गलियों व सड़कों पर डाल देते हैं जो सही नहीं है। गलियों में कूड़ा पड़ा होने के कारण बेसहारा पशु व सूअर उसमें मुंह मारते रहते हैं। इस कारण बीमारियां फैलती हैं। इसलिए लोगों को अपने दायित्व के प्रति जागरूक होना होगा। यह तभी होगा, जब सभी लोग अपनी-अपनी गलियों में साफ-सफाई रखेंगे।
कूड़ादानों की व्यवस्था कर देंगे : ईओ
नगर परिषद के ईओ ओपी सिहाग ने कहा कि जिन गलियों में कूड़ादान नहीं हैं, वे हमें अवगत कराएं। वहां पर कूड़ादान की व्यवस्था करवा दी जाएगी। हम चाहते हैं कि लोग कूड़ा सड़क पर डालने की बजाय निर्धारित जगह पर ही डालें। यदि लोग इस दिशा में सहयोग करते हैं तो यह अच्छी बात होगी।