टैक्स की एवज में घटाया 14 लाख रुपये बिल
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद : बिजली निगम ने नगर परिषद की माली हालत को देखते हुए एक और राहत दी है। नगर
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद : बिजली निगम ने नगर परिषद की माली हालत को देखते हुए एक और राहत दी है। नगर परिषद को बिजली निगम एक टैक्स अदा करता है। नगर परिषद प्रशासन बिल का भुगतान नहीं कर रहा था। इसलिए निगम ने यह टैक्स देने से मना कर दिया था। अब टैक्स की राशि बिल में से कम कर दी गई है।
नगर परिषद पर 1 करोड़ 49 लाख रुपये बिल बकाया था। निगम के बार बार अनुरोध के बावजूद नप ने बिल अदा नहीं किया। इसके चलते निगम ने नप को डिफाल्टर घोषित कर दिया और शहर की मुख्य स्ट्रीट लाइटों के कनेक्शन काट दिए। चूंकि बिजली निगम भी नगर परिषद की संपत्ति इस्तेमाल करता है। इसलिए निगम को नप में टैक्स अदा करना पड़ता है। हर महीने लगभग ढाई लाख रुपये टैक्स बनता है। जब से नप ने बिल भरना बंद किया था, तब से निगम ने भी टैक्स रोक रखा था। निगम ने साफ कह दिया कि पहले बिल भरो, फिर हम टैक्स भरेंगे। मगर नगर परिषद के पास इतना बजट नहीं था कि बकाया राशि का एक मुश्त भुगतान किया जा सके। इसलिए नप ने 20 लाख रुपये का भुगतान कर दिया। इस बीच नगर परिषद प्रशासन ने कहा कि हमने आपसे टैक्स भी लेना है, इसलिए वह राशि भी काट ली जाए। इसके चलते बिजली निगम ने 14 लाख रुपये टैक्स घटा दिया। इसके बाद बिल 1 करोड़ 35 लाख रुपये बच गया। उसमें से 20 लाख रुपये का चैक जारी कर दिया। अब 1 करोड़ 15 लाख रुपये बकाया है। बिजली निगम के एक्सईएन विजेंद्र कुमार ने बताया कि यह राशि नप को अदा करनी ही होगी।
दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में रहेगी रोशनी : निगम ने निर्णय लिया है कि शहर में दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइटें चालू की जाएंगी। एक बारगी तो शहर के सभी मुख्य मार्गो की लाइटों के कनेक्शन काट दिए गए थे। बिल की राशि कम होने के बाद कुछ अहम जगहों पर लाइटें चालू करने का फैसला लिया है। इनमें शहर के मुख्य चौक व भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में शामिल होंगे। जैसे लालबत्ती चौक, सामान्य बस स्टैंड, रतिया मोड़ व भूना मोड़ आदि।