कोई भी शरीफ आदमी चौटाला को सत्ता में नहीं देखना चाहता : बिश्नोई
संवाद सूत्र, रतिया : हजका अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई ने बृहस्पतिवार को रतिया में परिवर्तन रैली को संबोधित किया। यहां उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ओमप्रकाश चौटाला शासनकाल के गुंडाराज को आज तकभूली नहीं है। आज प्रदेश का कोई भी शरीफ आदमी चौटाला को सत्ता में नहीं देखना चाहता। जेबीटी भर्ती मामले में माननीय न्यायालय में उन पर भ्रष्टाचार, साजिश रचने और योग्य उम्मीदवारों के साथ धोखाधडी करने के आरोप साबित हो चुके है। इस कारण वे अपने पुत्र अजय चौटाला के साथ जेल की सजा काट रहे है। इसके अलावा अभय चौटाला पर भी आय से अधिक संपत्ति व एचसीएस भर्ती मामले में अदालत में आरोप तय हो चुके है। इसलिए प्रदेशवासी यह कतई नहीं चाहेगे कि प्रदेश की बागडोर दोबारा से ऐसे गुंडातत्वों व भ्रष्ट लोगों के हाथों में आए।
कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि बीते साढे नौ साल से भूपेंद्र हुड्डा प्रदेश के मुख्यमंत्री है। उन्होंने प्रदेश में भय, भ्रष्टाचार और भेदभाव को बढावा देने के अलावा कुछ नहीं किया।
वहीं भाजपा को निशाने पर लेते हुए कुलदीप ने कहा कि मोदी की हवा केंद्र में सरकार के गठन के साथ ही समाप्त हो चुकी है। क्योंकि इसके बाद उतराचल व बिहार में मजबूत संगठन के बावजूद विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को मुंह की खानी पड़ी है। हरियाणा में तो भाजपा के पास न सेनापति है और न सेना। इसके अलावा भाजपा के सीएम उम्मीदवार अपने लिए सेफ हलका तलाश रहे है।
मौके पर वरिष्ठ हजकां नेता एवं पूर्व संसदीय सचिव दुड़ाराम, पूर्व मंत्री रामस्वरूप रामा, लोकसभा प्रभारी निहाल सिंह मताना, पूर्व सासद पंडित रामजीलाल, बाबा बूटा सिंह, पूर्व सासद डॉ सुशील इदौरा आदि उपस्थित थे।