परिणाम आने के बाद मनाया जन्मदिन
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : बोर्ड परीक्षाओं का खौफ लगभग हर विद्यार्थी पर होता है। दसवीं बोर्ड परी
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : बोर्ड परीक्षाओं का खौफ लगभग हर विद्यार्थी पर होता है। दसवीं बोर्ड परीक्षा में जिले में दूसरा स्थान पाने वाले संस्कार भी इस खौफ से अछूते नहीं रहे। संस्कार का 21 मई को जन्मदिन था, पर उसने कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं किया। वो इस बात का इंतजार कर रहा था कि एक दिन बाद आने वाले परीक्षा परिणाम में उसकी क्या स्थिति रहती है।
अब जब परिणाम घोषित हो गए, तो संस्कार गोयल ने दसवीं बोर्ड परीक्षा में जिले में दूसरा स्थान हासिल किया। संस्कार ने 478 लेते हुए 95.6 फीसद अंक हासिल किए। जिले में दूसरा स्थान आने पर संस्कार के परिजन और शिक्षक खुशी से झूम उठे। संस्कार डबुआ कॉलोनी के शांति विद्या निकेतन स्कूल के विद्यार्थी हैं।
दैनिक जागरण से बातचीत में संस्कार ने बताया कि हर वर्ष वह अपना जन्मदिन धूमधाम से मनाते थे, लेकिन इस बार बोर्ड परीक्षा परिणाम आने के चलने उन्होंने सेलीब्रेट नहीं किया। उन्होंने निर्णय लिया था कि परीक्षा परिणाम आने के बाद ही वह जन्मदिन मनाएंगे। सोमवार को संस्कार ने अपने शिक्षकों के साथ जन्मदिन को सेलीब्रेट किया।
गणित से लगाव, बनना चाहते हैं साफ्टवेयर इंजीनियर : संस्कार का गणित से खासा लगाव हैं। शुरुआत से गणित में अच्छे अंक हासिल किए हैं। दसवीं बोर्ड परीक्षा में भी संस्कार के 97 अंक हैं। वह बताते हैं कि गणित के सवालों को हल करने में उन्हें काफी मजा आता है। स्कूल प्राचार्या राज मनोचा बताती है कि उन्हें उम्मीद थी कि उनका यह शिष्य जिले में पहला स्थान हासिल करेगा, लेकिन अभी भी संस्कार का प्रदर्शन शानदार रहा है। संस्कार के पिता अनुज कुमार निजी फैक्ट्री में काम करते हैं, जबकि माता ममता गोयल गृहणी हैं।