शहर के विकास में पूर्वाचलियों का विशेष योगदान: गुर्जर
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद: केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा है कि औद्योगिक नगरी के व
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद:
केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा है कि औद्योगिक नगरी के विकास में पूर्वाचल समाज के लोगों का विशेष योगदान है। पूर्वाचल समाज के लोगों ने अपनी मेहनत के बल पर समाज में विशेष स्थान बनाया है। गुर्जर शुक्रवार देर शाम सेक्टर 56 के मैदान में युवा भाजपा नेता मुकेश डागर द्वारा आयोजित सरस्वती पूजा कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम में उपस्थित भीड़ को देखते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री ने कार्यक्रम के आयोजक मुकेश डागर को शाबासी देते हुए कहा कि पूर्वाचल समाज के प्रमुख त्योहार छठ पूजा के लिए शहर में कई और छठ घाट बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही नगर निगम फरीदाबाद को राज्य सरकार आर्थिक अनुदान देने जा रही है। इसके बाद वार्ड नंबर एक का समुचित विकास कराया जाएगा।
शाम करीब छह बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से मुंबई से आए भोजपुरी फिल्मों के प्रमुख अभिनेता एवं मशहूर गायक खेसारी लाल यादव ने उपस्थित लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। शाम से ही सेक्टर का पूरा मैदान खचाखच भर गया था। भारी संख्या में मौजूद पुलिस बल ने बड़ी मशक्कत से आयोजन को संभाला। अभिनेता खेसारी लाल यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल की तारीफ करते हुए कहा कि ये सरकार बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का अभियान चलाकर बहुत अच्छा कार्य कर रही हैं। कार्यक्रम को बल्लभगढ़ के विधायक मूलचंद शर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि युवा नेता मुकेश डागर ने उनके सामने वार्ड के विकास के लिए कई मांगे रखीं थीं, उन्हें बल्लभगढ़ विकास रैली में मुख्यमंत्री ने मान लिया है।
भाजपा विधायक विपुल गोयल ने कार्यक्रम के आयोजक मुकेश डागर को एक बड़े आयोजन की सफलता पर बधाई दी। कार्यक्रम को भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के कोषाध्यक्ष यशवीर डागर, प्रदेश महामंत्री संदीप जोशी, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा, अजय गौड़ ने भी संबोधित किया। अतिथियों व उपस्थित लोगों का आभार जताते हुए युवा भाजपा नेता मुकेश डागर ने कहा कि उन्होंने हमेशा जनता की सेवा की है। जनता का दर्द समझा है, यही वजह है कि लोग भी उन्हें आशीर्वाद देने इतनी बड़ी संख्या में इस कार्यक्रम में पहुंचे। इस मौके पर युवा भाजपा नेता अमन गोयल,देशरत्न डॉ.राजेंद्र प्रसाद ट्रस्ट के अध्यक्ष विकास दलाल सहित कई प्रमुख लोग मौजूद थे।