हादसे से नगर निगम ने झाड़ा पल्ला
-पटाखा बाजार अग्निकांड निगम ने व्यापारियों से तहबाजारी शुल्क वसूला जागरण संवाददाता, फरीदाबाद :
-पटाखा बाजार अग्निकांड
निगम ने व्यापारियों से तहबाजारी शुल्क वसूला
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद :
एनआइटी दशहरा मैदान में पटाखा बाजार में हुए हादसे से नगर निगम ने पल्ला झाड़ लिया। निगम मुख्यालय से सटे दशहरा मैदान में हुए इतने बड़े हादसे के बाद नगर निगम मुख्यालय व्यापारियों के गुस्से का पहला शिकार हुआ। लेकिन हादसे के बाद मुख्यालय पहुंची निगम आयुक्त डा. सुप्रभा दहिया ने साफ शब्दों में कहा कि निगम पटाखा व्यापारियों से तहबाजारी के रूप में शुल्क वसूली थी। मार्केट में सुरक्षा का इंतजाम प्रशासन को कराना था।
नगर निगम ने पटाखा व्यापारियों से 450 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से तीन दिन के 1350 रुपये तहबाजारी शुल्क के रूप में वसूले थे। व्यापारियों का कहना है कि नगर निगम के क्लर्क ने उन्हें 1350 रुपये की पर्ची तो दी, लेकिन हर व्यापारी से 1500 रुपये वसूले गए थे। यानी कि 150 रुपये प्रति व्यापारी निगम अधिकारियों-कर्मचारियों की जेब में चले गए ।
निगम अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने 190 व्यापारियों से तहबाजारी वसूली थी, लेकिन मौके पर 250 से अधिक व्यापारियों ने कब्जा ले लिया था। कायदे से इस पर नजर रखने की जिम्मेवारी नगर निगम की ही थी, लेकिन अब निगम अधिकारी इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं।
व्यापारियों का आरोप है कि लाइसेंस के अतिरिक्त जितनी दुकानें लगाई गई थी, वह लगवाई तो ठेकेदार ने थी, लेकिन इसमें निगम अधिकारियों की मिलीभगत भी थी और उनकी देखरेख में नियमों को ताक पर रख कर दुकानें लगवाई गई।