धोखा देना भाजपा की फितरत
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद :
प्रदेश में भाजपा की सभी टिकटों की घोषणा के बाद पार्टी में उभरे अंतर्कलह को भुनाने के लिए इंडियन नेशनल लोकदल ने अपने पासे फेंकने शुरू कर दिए हैं। इसकी शुरुआत रविवार को इनेलो के वरिष्ठ नेता अभय चौटाला ने एनआइटी फरीदाबाद में भाजपा के पूर्व विधायक चंदर भाटिया की रैली में पहुंच कर की। उन्होंने भाटिया को इनेलो में शामिल होने का न्यौता दिया, जिसे भाटिया ने स्वीकार कर लिया। भाजपा पर करारा प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि धोखा देना भाजपा की फितरत है और वह अपने कर्मठ कार्यकर्ताओं को भी नहीं छोड़ती।
बड़खल विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की टिकट न मिलने से नाराज चंदर भाटिया ने घोषणा की थी कि रविवार को अपने पिता कुंदन लाल भाटिया की श्रद्धांजलि सभा में वह आगे की रणनीति तैयार करेंगे। एक नंबर मार्केट में आयोजित इस सभा में पहुंचे अभय चौटाला ने कहा कि भाजपा ने अपने कर्मठ कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की है और उनके पार्टी अध्यक्ष रामबिलास शर्मा व केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने टिकटें बेच दीं।
इनेलो नेता ने तिगांव में भी टिकट वितरण से नाराज भाजपा नेताओं की दुखती रग पर हाथ रखते हुए कहा कि तिगांव में भाजपा ने उस व्यक्ति को टिकट दे दिया, जो कल तक अपनी गाड़ी पर कांग्रेस का झंडा लगाकर घूमते थे। वहीं फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्रों में भी टिकट को लेकर पार्टी के बरसों पुराने कार्यकर्ता नाराज हैं। रात रात में आस्था बदलने वालों को भाजपा अपनी टिकट दे रही है। यह हाल पूरे प्रदेश में है।
अभय चौटाला ने चंदर भाटिया के 'जख्म' को और कुरेदते हुए कहा कि हविपा-भाजपा गठबंधन की सरकार में चंदर भाटिया के खिलाफ मामला दर्ज हुआ और भाजपा ने भाटिया की पैरवी तक नहीं की। भाजपा कार्यकर्ताओं का सम्मान करना जानती ही नहीं है।
चौटाला ने भाटिया को न्यौता दिया कि वह इनेलो में शामिल हो जाएं। सोमवार को पार्टी की कोर कमेटी की बैठक है, जिसमें उन्हें बड़खल विधानसभा क्षेत्र से टिकट देने पर विचार किया जाएगा। भाटिया ने चौटाला के इस निमंत्रण को स्वीकार कर लिया और कहा कि भाजपा ने उन्हें दगा दिया है। उन्होंने व उनके पिता कुंदन लाल भाटिया ने भाजपा की सेवा की है, लेकिन अब पार्टी ने टिकट बेचकर उनकी भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।