बदरपुर टोल पर प्रदर्शन
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद :
विधानसभा चुनाव से ठीक पहले हुई बदरपुर फ्लाइओवर की टोल दरों में वृद्धि का असर चुनाव में दिखाई देगा। इसके विरोध में जहां टोल हटाओ संघर्ष समिति अपनी रणनीति तैयार कर रही है, वहीं सोमवार को इनेलो कार्यकर्ताओं ने टोल प्लाजा पर जोरदार प्रदर्शन किया। इनेलो कार्यकर्ताओं का नेतृत्व इनेलो नेता विकास चौधरी कर रहे थे। इस दौरान करीब एक घंटे तक टोल प्लाजा फ्री रहा।
बदरपुर फ्लाइओवर का संचालन कर रही एचसीसी कंपनी ने 1 सितंबर की रात से टोल की नई दरें लागू कर दी हैं। सोमवार को इसके विरोध में युवा इनेलो के पूर्व जिलाध्यक्ष विकास चौधरी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता व स्थानीय लोग बदरपुर टोल प्लाजा पर एकत्रित हुए और केंद्र सरकार, हरियाणा सरकार व टोल कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी बढ़ी हुई टोल दरों को वापस करने की माग को लेकर अड़े हुए थे। टोल पर करीब एक घंटे तक प्रदर्शन हुआ। इस दौरान यहां से गुजरने वाले वाहन बिना कोई टोल दिए निकलते रहे। लोगों ने भी टोल वृद्धि को वापस लेने की मांग को जायज बताया। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को टोल प्लाजा के आगे से हटाने का प्रयास किया, मगर प्रदर्शनकारी वहीं डटे रहे।
इस मौके पर केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर को भी आड़े हाथों लेते हुए विकास चौधरी ने कहा कि लोकसभा चुनावों के दौरान टोल टैक्स को जजिया कर बता लोगों को इससे मुक्त कराने के बड़े-बड़े दावे करने वाले मंत्री भी इस पर चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से माग की कि बढ़ी हुई टोल दरों को जल्द से जल्द वापस लिया जाए, नहीं तो इनेलो कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर आदोलन करने को मजबूर होंगे। इस मौके पर विजयपाल तेवतिया, विनोद भाटी, सुरेद्र चौधरी, राजू धारीवाल, गौरव विरमानी, वासदेव अहेरिया, सुभाष पाचाल, राहुल गोस्वामी, जितेंद्र ठाकुर, यशराज जजौरिया, बौनी ठाकुर, प्रवीन वाल्मीकि, बलराज नागर, भूपेंद्र चौधरी, सहित काफी संख्या में इनेलो कार्यकर्ता मौजूद थे।