पैर फिसलने से मजदूर यमुना नदी में बहा
संवाद सहयोगी, होडल : यमुना नदी के किनारे पानी रोकने के लिए लगाई जा रही पत्थरों की ठोकर लगाते समय पैर फिसलने से एक युवक नदी में बह गया। गोताखोर युवक की तलाश में जुटे हैं। मामले में पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
यमुना नदी में बाढ़ से बचाव के लिए पत्थरों की ठोकरें लगाने का कार्य चल रहा है। फाटनगर निवासी जोगेंद्र ठेकेदार के नीचे कार्य करता था। बुधवार को जोगेंद्र दूसरे मजदूरों के साथ ठोकर के लिए पत्थर लगाने का काम कर रहा था। उसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह यमुना नदी के तेज बहाव में बह गया। युवक को डूबते देख दूसरे मजदूरों व ग्रामीणों ने शोर मचाना शुरू कर दिया।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुरेश भड़ाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुच गए। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से युवक की नदी में काफी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। कुछ ही देर बाद डीएसपी शरीफ सिंह भी मौके पर पहुच गए और थाना प्रभारी भड़ाना को मामले में ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज करने के आदेश दिए। गाव में हुई इस घटना से मातम पसर गया है।