बढ़गई गन्ने की पैदावार
संजीव मंगला, पलवल :;पलवल चीनी मिल क्षेत्र में इस बार गन्ना बिजाई का रकबा गत वर्ष की तुलना में बेशक घट गया था, परंतु गन्ने का उत्पादन बढ़ गया है। इतना ही नहीं गन्ने में चीनी रिकवरी मात्रा भी बढ़ी है, इस कारण चीनी का उत्पादन भी बढ़ गया है। अब मिल निदेशकों को उम्मीद है कि अगले सीजन में गन्ने का बिजाई क्षेत्र बढ़ जाएगा।
गत वर्ष मिल क्षेत्र में 17300 एकड़ क्षेत्र में गन्ने की फसल बोई गई थी। जिससे मिल को 19.35 लाख क्विंटल गन्ना प्राप्त हुआ। जबकि इस वर्ष 14,100 एकड़ क्षेत्र में ही गन्ने की फसल बोई गई। इसमें से भी 100 एकड़ क्षेत्र में खड़ा गन्ना यमुना में आई बाढ़ की चपेट में आ गया था। इसके बावजूद भी मिल को साढे़ 21 लाख क्विंटल गन्ना प्राप्त हुआ।
इसी तरह इस वर्ष चीनी की मिठास भी बढ़ गई है। गत वर्ष जहां गन्ने में चीनी की रिकवरी मात्रा 8.45 प्रतिशत रही थी, वह इस वर्ष बढ़कर 8.51 प्रतिशत हो गई। वहीं मिल में गत वर्ष 1,62,200 क्विंटल चीनी का उत्पादन हुआ। जो इस वर्ष बढ़कर 1,82,995 क्विंटल हो गया।
-----
जो सकारात्मक परिणाम इस वर्ष आए हैं, उन्हें देखकर यह लगता है कि अगले पिराई सीजन में गन्ना उत्पादन के प्रति किसानों की रुचि बढे़गी तथा गन्ने के उत्पादन का क्षेत्र भी बढे़गा। किसानों को गेहूं व चावल की परंपरागत फसलों की बजाय गन्ने की फसल बोनी चाहिए। इससे किसानों को आर्थिक लाभ भी होगा।
-सुखराम डागर, निदेशक, पलवल सहकारी चीनी मिल