शाम को पलवल से फरीदाबाद जाने के लिए नहीं कोई है बस
जागरण संवाददाता, पलवल : शाम के समय दिल्ली या फरीदाबाद के लिए हरियाणा परिवहन निगम की बसें न होने के कारण इन मार्गो पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। पलवल से बड़ी संख्या में यात्री फरीदाबाद व दिल्ली की ओर सफर करते हैं, लेकिन बसें न मिलने से उनको मजबूरन निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ता है।
शाम साढे़ पांच बजे के बाद इस रूट पर यात्रियों के लिए कोई बस नहीं है। यात्री घंटों बस अड्डे के बाहर चौराहे पर आगरा की ओर से आने वाली बसों का इंतजार करते रहते हैं। शाम को बस सेवा न होने से यात्रियों में परिवहन विभाग के खिलाफ बेहद रोष है। इस बारे में कई बार यात्री परिवहन निगम के अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्या के समाधान के बजाय सिर्फ आश्वासन की घुट्टी मिली है।
-
शाम को बसें नहीं हैं। जिससे काफी परेशानी होती है। ऐसे में फरीदाबाद जाने के लिए निजी वाहनों या फिर तिपहिया का सहारा लेना पड़ता है।
-वीएस देशवाल, होडल
----
हरियाणा रोडवेज की बसों का संचालन शाम को सीमित संख्या में किया जाता है। पांच बजे के बाद से रात आठ बजे तक एक भी बस नहीं है।
-जयवीर, फरीदाबाद
---------
पलवल से रोजाना 91 बसों का संचालन किया जाता है। ये बात सच है कि शाम साढे़ पांच बजे से आठ बजे तक कोई बस नहीं है। इसलिए विभाग शाम को सात बजे पलवल से ही फरीदाबाद के लिए बस चलाने का प्रयास कर रहा है। यह सेवा जल्द शुरू कर दी जाएगी।
-ज्ञान सिंह चौहान, पलवल बस डिपो इंचार्ज