रेप में फंसाने की धमकी दे रिटायर्ड फौजी से ठगे 25 हजार
दो महिलाओं ने रेप के झूठ मामले में फंसाने की धमकी देकर एक सेवानिवृत फौजी से 25 हजार रुपये इग लिये। इन महिलाओं ने रिटायर्ड फौजी को प्लॉट खरीदने के नाम पर एक सूनसान स्थान पर बुलाया और रेप में फंसाने की धमकी दी।
जागरण संवाददाता, रोहतक। दो महिलाओं ने रेप के झूठ मामले में फंसाने की धमकी देकर एक सेवानिवृत फौजी से 25 हजार रुपये इग लिये। इन महिलाओं ने रिटायर्ड फौजी को प्लॉट खरीदने के नाम पर एक सूनसान स्थान पर बुलाया और रेप में फंसाने की धमकी दी। दो महिलाओं को सिविल लाइन थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
महिलाओं ने जब रिटायर्ड फौजी धमकी दी तो रुपये लाने का बहाना कर किसी तरह वहां से निकला और विजिलेंस टीम को सूचना दी। उसके बाद महिलाओं को एक पार्क में रुपये देने के लिए बुला लिया गया। पहले से मौजूद पुलिस ने महिलाओं और एक युवक को दबोच लिया।
गांव नयाबास निवासी फौजी दिलबाग ने बताया कि दो दिन पहले उसके पास सुनीता नाम की महिला का फोन आया। महिला ने कहा कि उसे दिलबाग से एक प्लॉट खरीदना है। दिलबाग ने महिला को प्लाट बेचने की बात बोल दी। उसके बाद महिला ने फिर से फोन किया और दिलबाग को जींद बाइपास पर स्थित एक मकान में ले गई। यहां पर पहले से एक महिला और मौजूद थी।
दोनों महिलाओं ने एक कमरे में बैठकर पूर्व फौजी को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। महिलाओं ने कहा कि यदि उन्हें दिलबाग ने 25 हजार रूपये अभी नहीं दिए तो वह उस पर रेप का आरोप लगा देगी। दिलबाग ने अभी पास में रुपये नहीं होने की बात कही। इसके बाद महिलाओं ने कहा कि वह रुपयों का इंतजाम कर ले, वे बाद में फोन करेंगी।
इसके बाद महिलाओं ने फिर से दिलबाग को फोन किया। इस बार दिलबाग ने पैसे देने से इनकार कर दिया। इसके बाद महिलाओं ने कुछ देर के बाद फोन करके दिलबाग से कहा कि उन्होंने उसके खिलाफ थाने में रेप का केस दर्ज करा दिया है। वहीं एक युवक से भी बात कराई, जो खुद को पुलिसकर्मी बता रहा था। युवक ने दिलबाग को गिरफ्तार करने की धमकी दी। उसके बाद दिलबाग ने विजिलेंस टीम के सदस्यों को पूरा मामला बताया।
विजिलेंस ने दिलबाग को सलाह दी कि वह महिलाओं को रूपये देने के लिए किसी स्थान पर बुला ले। दिलबाग ने महिलाओं से कहा कि वह मानसरोवर पार्क में आ जाए और वह रुपये दे देगा। महिलाएं और खुद को पुलिसकर्मी बताने वाला युवक पार्क में पहुंच गए।
वहां पहले से विजिलेंस की टीम और सिविल लाइन थाना पुलिस मौजूद थी। जैसे ही दिलबाग ने महिलाओं को पैसे दिए पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। पुलिस से पूछताछ में महिलाओं ने स्वीकार किया कि वे पूर्व फौजी को ब्लैकमेल कर रही थीं।