अतिक्रमण हटाने गए पार्षद की पिटाई का आरोप
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : शहर के गांधीनगर में गली से अतिक्रमण हटवाना पार्षद महेश गुप्त को भार
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी :
शहर के गांधीनगर में गली से अतिक्रमण हटवाना पार्षद महेश गुप्त को भारी पड़ गया। अतिक्रमण हटवाने से नाराज दो युवकों ने पार्षद पर जानलेवा हमला कर दिया। किसी प्रकार आस-पड़ोस के लोगों ने बीचबचाव कर उन्हें मौके से सुरक्षित निकाला।
जानकारी के अनुसार मुहल्ले में नाली व सड़क पर निर्माण सामग्री डालकर मार्ग अवरूद्ध कर दिया गया था। जिसे हटाने के लिए पार्षद लगातार प्रयास कर रहे थे। जिससे नाराज दो युवकों ने वार्ड पार्षद महेश गुप्ता पर हमला कर घायल कर दिया। उन्हें उपचार के लिए दादरी के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने घायल पार्षद के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरोपियों से चुनावी रंजिश
पार्षद ने बताया कि उक्त पक्ष उससे चुनावी रंजिश भी रखे हुए था। अब अवरूद्ध रास्ता खुलवाने पर वे और ज्यादा भड़क गए तथा बृहस्पतिवार सुबह दो युवक उसके घर आकर गाली-गलौच करने लगे। उसके द्वारा विरोध करते हुए दोनों युवकों को वहां से जाने के लिए कहा तो वे और ज्यादा भड़क गए तथा अचानक उस पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। जिससे उसे गहरी चोटें लगी। बाद में शोर-शराबा सुनकर उसके परिजन व आस-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे तथा उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया।
वर्जन
वार्ड के एक ही एक व्यक्ति ने गली में निर्माण सामग्री डालकर रास्ता अवरूद्ध किया हुआ था। इसके अलावा दूषित पानी निकासी के लिए बनाई गई नाली भी रोकी हुई थी। उस गली के निवासियों की शिकायत पर उन्होंने नाली खुलवाते हुए वहां से निर्माण सामग्री हटवा दी थी।
महेश गुप्ता, पीड़ित पार्षद।
पार्षद की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। दो युवकों पर पिटाई का आरोप है। मामले की जांच की जा रही है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भूदेव प्रसाद, शहर थाना प्रभारी।