प्रदर्शनी के माध्यम से बताया जनगणना का महत्व
छात्राओं को विभिन्न क्रियाकलापों में भाग लेने के लिए किया प्रेरित
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : गांव ढाणी फौगाट के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जनगणना सप्ताह मनाया गया। विद्यालय प्राचार्या कमला शर्मा ने विश्व जनसंख्या दिवस पर जनगणना के महत्व पर प्रकाश डाला और विभिन्न क्रियाकलापों में भाग लेने के लिए छात्राओं को प्रेरित किया। अंतिम दिन जनगणना संबंधित साहित्य की प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में विज्ञान अध्यापक रविन्द्र कुमार व हिन्दी अध्यापक धर्मवीर ने छात्राओं को जनगणना संबंधित आंकड़ों की जानकारी दी। इस सप्ताह में विद्यालय में जनगणना पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता गणित अध्यापिका लाजवंती तथा कोमल रसायन प्रवक्ता के मार्गदर्शन में करवाई गई तथा पेंटिंग प्रतियोगिता धर्मकौर द्वारा द्वारा करवाई गई। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगता के परिणाम घोषित करते हुए मिडल हेड सावित्री ने राष्ट्र, राज्य, जिला के आकड़ों को प्रस्तुत किया व छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग में कक्षा आठवीं की दिव्या प्रथम, कक्षा सातवीं की छाया द्वितीय तथा आठवीं की रितू व रूबी तृतीय स्थान पर रही व सीनियर वर्ग में कक्षा बारहवीं की आरती प्रथम, मनीषा द्वितीय तथा पूनम व वर्षा तृतीय स्थान पर रही। इस अभियान को सफल बनाने में सभी स्टाफ सदस्यों का सहयोग रहा।