पति की दीर्घायु की कामना की
जागरण संवाददाता, नारनौल : करवाचौथ का पर्व शुक्रवार को हर्षोल्लास से मनाया गया। सुहागिनों ने पति की द
जागरण संवाददाता, नारनौल : करवाचौथ का पर्व शुक्रवार को हर्षोल्लास से मनाया गया। सुहागिनों ने पति की दीर्घायु की कामना की। रात्रि में चांद देखा और व्रत खोला।
करवाचौथ का पर्व कार्तिक मास की कृष्ण पक्ष की चतुर्थी को मनाया जाता है। यह पर्व सुहागिन स्त्रियां मनाती हैं। जो सूर्योदय से पहले करीब 4 बजे के बाद शुरू होकर रात में चंद्रमा दर्शन के बाद पूरा होता है। पति की दीर्घायु एवं अखंड सौभाग्य की प्राप्ति के लिए सुहागिनों ने भालचंद्र गणेश जी की पूजा की। सुहागिन महिलाओं ने बाजार से मीठे करवे खरीद कर उनका पूजन किया। इस पर्व पर महिलाएं विशेष रूप से सजी-धजी नजर आईं। महिलाओं ने नए वस्त्र एवं आभूषण पहने और वृद्ध महिलाओं से सामूहिक रूप से कथा सुनीं और उनके पैर दबाकर सेवा की तथा आशीर्वाद प्राप्त किया। नव विवाहित महिलाएं करवाचौथ पर ज्यादा उत्साहित नजर आई। उनमें शादी के बाद पहले करवाचौथ को लेकर विशेष उमंग बनी हुई थी। महिलाओं ने वस्त्र एवं गहने भी खरीदे, जो पतियों ने उन्हें तोहफे के रूप में भेंट किए। महिलाओं ने इस दिन अपने पति के मन पसंद खाना खिलाया। यह व्रत कुंआरी कन्याओं ने भी रखा। उन्होंने अच्छे पति की कामना एवं परिवार में सुख-शांति की कामना की।
-----
वैसे तो हर करवाचौथ मेरे लिए विशेष होती है, लेकिन इस बार और भी विशेष हो गई है। क्योंकि हर करवाचौथ पर मैं सारी तैयारियां करती हूं, लेकिन इस बार शाम को खाने के लिए पूरी तैयारी मेरे लिए मेरे पति ने की है। इसलिए यह मेरे लिए विशेष हो गया है।
-ज्योति।
----
यह मेरा पहला करवाचौथ है। मैंने अपने पति के साथ-साथ पूरे परिवार के लिए बढि़या पकवान बनाए तथा हम सबने एक साथ भोजन किया। परिवार के बड़े-बुजुर्गों से आशीर्वाद प्राप्त किया।
-प्रियंका।
-----
मैं इस करवाचौथ को यादगार बनाने के पूरे दिन अपने पति के साथ रही और उनकी इच्छा अनुसार पकवान बनाकर उन्हें खिलाए। भगवान जीवन में उन्हें तरक्की दे। उनको लंबी उम्र लगे तथा स्वास्थ्य बना रहे। मैं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करूंगी।
-तमन्ना।
----
शादी के बाद यह मेरा पहला करवाचौथ का व्रत है। जीवन में हर महिला की इच्छा होती है कि उसे उसका मन चाहा वर मिले। भगवान ने मेरी प्रार्थना सुनी। इसलिए मैं आज पूरे दिन व्रत कर अपने पति की दीर्घायु की कामना करती हूं।
-पूनम शर्मा
----
करवाचौथ के इस व्रत को यादगार बनाने के लिए मुझे मेरे पति ने मुझे विशेष उपहार भेंट किया है। उन्होंने मुझे मनपसंद गहने एवं वस्त्र दिलाएं हैं। मैं आज बड़ी खुश हूं। पूरा परिवार एक साथ मिलकर करवाचौथ का व्रत मना रहे हैं।
-राजरानी।