मंत्री से मिलने पहुंची महिला हुई बेहोश, नहीं था एंबुलेंस का इंतजाम
विज के दरबार में पहुंची एक महिला अचानक बेहोश हो गई, लेकिन वहां एंबुलेंस का इंतजाम नहीं था। मामले में जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
अंबाला (वेब डेस्क)। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के साप्ताहिक दरबार में आई एक महिला अचानक बेहोश हो गई। आश्चर्य की बात यह रही कि स्वास्थ्य मंत्री के कार्यक्रम में किसी एंबुलेंस का इंतजाम भी नहीं था। आनन फान में महिला को किसी अन्य वाहन से अस्पताल भेजा गया। बहरहाल, एंबुलेंस न होने के मामले में जांच के आदेश दे दिए गए हैैं।
मंत्री को अपनी बात बताती महिला।
पानीपत जिले के देहरा गांव से एक महिला पुलिस से संबंधित एक मामले में विज से मिलने पहुंची थी। महिला ने विज को अपने कागज दिए और इसके बाद अचानक बेहोश हो गई। इसके बाद स्ट्रेचर की तलाश शुरू हुई तो पता चला कि मौके पर न स्ट्रेचर है और न ही एंबुलेंस।
बेहोश महिला को ले जाता नर्सिंग स्टाफ व पुलिसकर्मी।
सीएमओ विनोद गुप्ता ने तुरंत इस लापरवाही के लिए संबंधित कर्मचारी के खिलाफ जांच के आदेश दिए। वहीं विज ने महिला की शिकायत पर पानीपत एसपी की फोनकर मामले में जांच के आदेश दिए हैैं। देहरा गांव की पंचायत ने महिला को बाहर निकाला हुआ है और पुलिस शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। इसके चलते महिला विज के पास गुहार लगाने आई थी।