ट्रैक्टर के नीचे आकर तीन साल के बच्चे की मौत व पिता घायल
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : बृहस्पतिवार सुबह गांव गरनाला में ट्रैक्टर की चपेट में आकर
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : बृहस्पतिवार सुबह गांव गरनाला में ट्रैक्टर की चपेट में आकर तीन साल के बच्चे की मौत हो गई जबकि उसका पिता घायल हो गया। घटना के समय पिता-पुत्र घर के बाहर खड़े थे, उसी दौरान आ रहा ट्रैक्टर संतुलन खो बैठा। घायल अवस्था में दोनों को शहर के नागरिक अस्पताल में लाया गया। तमाम उपचार के बावजूद बच्चे को बचाया नहीं जा सका, कुछ ही मिनट बाद उसने दम तोड़ दिया। उपचार के बाद पिता की हालत में सुधार हुआ। अस्पताल प्रशासन से जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची नग्गल पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ तेजरफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया। पोस्टमार्टम के बाद मिले बच्चे को गमगीन माहौल में खाक-ए-सुपुर्द कर दिया गया। मृतक अरशान गांव में मेहनत मजदूरी करने वाले घायल अनवर का इकलौता बेटा था। ट्रैक्टर को गांव का अमन नामक व्यक्ति चला रहा था।
जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब साढ़े सात बजे का है। अनवर अपने बेटे अरशान के साथ घर के बाहर खड़ा था। उसी दौरान ट्रैक्टर ने बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया। लहुलुहान बच्चे को बचाने के प्रयास में अनवर भी घायल हो गया। ट्रैक्टर सवारों ने पिता-पुत्र को अस्पताल में पहुंचाया लेकिन बच्चे को बचाया नहीं जा सका। अस्पताल सूत्रों के अनुसार पिता को काफी समय तक बेटे की मौत बारे नहीं बताया गया। आरोपी पक्ष के अनुसार अंजाने में हुई इस घटना के बाद घायलों को अस्तपाल पहुंचाया। पंजोखरा पुलिस के अनुसार केस की जांच के बाद कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।