संपत्ति कर में छूट पर दुविधा के हालाज, कल अंतिम दिन
उमेश भार्गव, अंबाला शहर प्रोपर्टी टैक्स में 25 प्रतिशत छूट पर करीब डेढ़ लाख की आबादी
उमेश भार्गव, अंबाला शहर
प्रोपर्टी टैक्स में 25 प्रतिशत छूट पर करीब डेढ़ लाख की आबादी दुविधा में है। यदि मंगलवार तक इन लोगों ने टैक्स नहीं भरा और मंत्रियों की घोषणा पूरी नहीं हो पाई तो इन लोगों पर 62 लाख, 50 हजार रुपये का बोझ पड़ना तय है। इसके अतिरिक्त ब्याज अलग से देना होगा। अलबत्ता, मंगलवार का दिन 27 अलग-अलग एरिया के लिए परीक्षा का दिन रहेगा।
दरअसल, 15 फरवरी को स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन ने पंचायत से नगर निगम में शामिल हुए एरिया का एक-एक साल का प्रोपर्टी टैक्स माफ करने की घोषणा की थी। सभी निगमों में जहां एक साल की छूट दी गई थी तो वहीं सोनीपत में दो साल की। अंबाला में इस योजना के तहत 27 गांव नगर निगम में शामिल हो गए थे। इन पर करीब दो लाख 35 हजार रुपये का प्रोपर्टी टैक्स 2016-17 का बकाया है। कविता जैन की घोषणा के बाद इन एरिया से किसी ने भी बिल नहीं भरे, लेकिन मंत्री की घोषणा अभी तक घोषणा तक ही सिमटी है। आधिकारिक रूप से निगमों के पास नोटिफिकेशन नहीं पहुंची। वहीं, दूसरी ओर दो फरवरी को सरकार ने 28 फरवरी तक प्रोपर्टी टैक्स भरने पर 25 प्रतिशत छूट दी थी। इस छूट का मंगलवार को अंतिम दिन है। इसीलिए इन 27 एरिया के करीब डेढ़ लाख लोग असमंजस में हैं कि बिल भरें कि न भरें। यदि मंगलवार को बिल नहीं भरा और मंत्री की घोषणा पर अमल नहीं हुआ तो उन्हें ब्याज तो देना ही पड़ेगा साथ ही 25 फीसद छूट खत्म होने से इन लोगों पर साढे़ 62 लाख रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
ढाई लाख करदाताओं के लिए भी छूट कल 12 बजे रात तक
27 एरिया के लोगों के साथ-साथ सभी एक लाख 80 हजार हाउस टैक्स और करीब 80 हजार कमर्शियल करदाताओं को लिए 25 प्रतिशत छूट का अंतिम अवसर मंगलवार ही है। मंगलवार को रात 12 बजे तक ही छूट का लाभ उठाया जा सकता है।
बिल तक नहीं बांटे गए इन एरिया में
गांव से निगम में शामिल हुए 27 एरिया के लोगों को एक साल के प्रोपर्टी टैक्स में छूट मिलेगी या नहीं यह तो दुविधा है ही साथ ही साथ इन लोगों को अभी तक प्रोपर्टी टैक्स के बिल भी नहीं भेजे गए। क्योंकि निगम को लगा था कि मंत्री की घोषणा के बाद नोटिफिकेशन आ जाएगा। इसीलिए बिल वितरित करने से भी टीम बच जाएगी। इसी चक्कर में बिल ही घरों में नहीं भेजे गए।
छावनी में गेट बंद कर चला काम, जमा हुए सवा दो लाख
रविवार को छुट्टी के बावजूद लोगों को टैक्स भरने की सुविधा निगम की ओर से उपलब्ध कराई गई थी। इसके लिए शहर और छावनी नगर निगम कार्यालयों में कर्मचारी भी तैनात किया गया था, लेकिन यह सूचना लोगों तक पहुंचाना नगर निगम कर्मचारी भूल गए और न ही इसके बार में कहीं नोटिस लगाए गए। लिहाजा, जनता तक इसकी सूचना ही नहीं पहुंच पाई। सूचना देना तो दूर की बात छावनी में नगर निगम कार्यालय का गेट ही बंद रखा गया। सीएफसी काउंटर भी बाहर से बंद दिखाई दिया। यही कारण रहा कि यदि कोई आया भी तो वह बाहर का गेट बंद देखकर बैरंग लौट गया। हालांकि जिन्हें पता था वह भीतर तक गए। शाम तक शहर नगर निगम कार्यालय में जहां करीब 65 हजार रुपये जमा हुए वहीं, छावनी नगर निगम कार्यालय में कारोबारी ने एक लाख 41 हजार 275 रुपये जमा कराए। इसके अलावा भी छोटी-छोटी पेमेंट आई।
आज रहेगी मारामारी
निगम में प्रोपर्टी टैक्स की छूट का अंतिम दिन आज है। इसीलिए शहर और छावनी कार्यालय में दो दिन मारामारी का माहौल रहेगा। करीब 15 करोड़ रुपये प्रोपर्टी टैक्स अभी भी नगर निगम का लोगों पर बकाया है। मंगलवार के बाद 25 प्रतिशत छूट तो समाप्त हो ही जाएगी। इसके बाद ब्याज लगाना भी शुरू हो जाएगा।
--------------------
निश्चित तौर पर यदि रविवार को बिल लिए गए तो इसकी सूचना जनता तक पहुंचाई जानी चाहिए थी। सरकार की ओर से हमारे पास अभी तक किसी एरिया का एक साल का बिल माफ करने का नोटिस नहीं आया है।
रमेशमल, मेयर नगर निगम।