युवा ऊर्जा शक्ति को जोड़ें रचनात्मक गतिविधियों में: असीम
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : युवा ऊर्जा शक्ति को रचनात्मक गतिविधियों के साथ जोड़कर देश और समाज का ते
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : युवा ऊर्जा शक्ति को रचनात्मक गतिविधियों के साथ जोड़कर देश और समाज का तेजी से विकास किया जा सकता है। भारत विश्व में सबसे अधिक युवा शक्ति का देश है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कौशल विकास कार्यक्रम के माध्यम से युवा शक्ति को रचनात्मक गतिविधियों में शामिल करके देश को विश्व की सबसे महान शक्ति बनाने का संकल्प लिया है।
यह उद्गार अंबाला शहर के विधायक असीम गोयल ने व्यक्त किए। वह शुक्रवार को नेहरू युवा केंद्र द्वारा एमडीएसडी कन्या महाविद्यालय अंबाला शहर की एनएसएस यूनिट के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। विधायक ने युवाओं का आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान और शक्ति का प्रयोग देश के उत्थान में करने के साथ-साथ समाज में व्याप्त भ्रूणहत्या, अनपढ़ता, दहेज प्रथा और नारी उत्पीड़न जैसी समस्याओं के समाधान में भी अपना योगदान दें। इस अवसर पर उन्होंने प्रचार यात्रा को अन्य गावों के लिए झडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने नेहरू युवा केंद्र की ओर से 23 यूथ क्लबों को खेल किट भी वितरित की। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के सुदेश कम्बोज, शिक्षा विभाग के राकेश मेहता, कालेज की प्रिंसिपल डॉ. किरण आगरा, जीवन्ती जोशी, एसए जैन कालेज के प्रो. आभा बंसल, लीड बैंक के देवेंद्र कालड़ा, लोक संपर्क विभाग के कृष्ण कुमार ने अपने विभागों से संबन्धित योजनाओं और युवाओं के मार्गदर्शन के लिए ज्ञानवर्धक जानकारी दी। विभिन्न स्कूलों और कालेजों के छात्र-छात्राओं ने सास्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। लघु नाटिका और कविताओं के माध्यम से कन्या भ्रूण हत्या और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान का संदेश दिया गया। मुख्यातिथि और प्रतिभागियों ने स्वच्छता अभियान के लिए नेहरू युवा केंद्र द्वारा आरंभ किए गए हस्ताक्षर अभियान में भी हिस्सा लिया।
इस मौके पर केंद्र के जिला समन्वयक अशोक कुमार, मदन लाल अग्रवाल, ज्ञानचंद अग्रवाल, सोमनाथ बिंदल, रोहित बत्रा, रितेश गोयल, विनोद गर्ग, विरेंद्र कुमार, सौरभ गुप्ता सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।