जहरीली शराब से दो महिलाओं समेत अब तक 18 की मौत
पलसाणा के वरेली में जहरीली शराब से 18 लोगों की मौत हो गई। इससे ड्राय स्टेट गुजरात में हड़कंप मच गया है। भाजपा-कांग्रेस के नेता भी सक्रिय हो गए हैँ। गृह विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कडोदरा के पीआई का तबादला कर दिया है।
सूरत। पलसाणा के वरेली में जहरीली शराब से 18 लोगों की मौत हो गई। इससे ड्राय स्टेट गुजरात में हड़कंप मच गया है। भाजपा-कांग्रेस के नेता भी सक्रिय हो गए हैँ। गृह विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कडोदरा के पीआई का तबादला कर दिया है।
जहरीली शराब से 18 मौतों के बाद प्रशासन भले ही हरकत में आया हो, लेकिन पुलिस विभाग चुप्पी साधे हुए है। डॉक्टर कह रहे हैं कि मृतकों को किसी प्रकार की बीमारी नहीं थी। पुलिस इन मौतों को शंकास्पद मान रही है। अधिकांश मृतकों में अलग-अलग लक्षण दिखाई दिए। किसी को दिखाई देना बंद हो गया, किसी को उल्टी-दस्त होने लगे, कोई बेहोश हो गया तो किसी को सिरदर्द के साथ चक्कर आने लगे।
मृतकों का फोरेंसिक पीएम करवाया है
मृतकों के पीएम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। फोरेंसिक पीएम करवाने के लिए विसरा लिया गया है। इसमें किसी जहरीले पदार्थ के होने की जानकारी मिलेगी, तो कार्यवाही की जाएगी- मयूर सिंह चावड़ा, जिला पुलिस अधीक्षक।
मृतकों को कोई बीमारी नहीं थी- डॉक्टर
मृतकों की पीएम रिपोर्ट में किसी रोग की जानकारी नहीं मिली है। नमूने को जांच के लिए एफएसएल भेजा गया है। जब तक रिपोर्ट नहीं आ जाती, तब तक कुछ कहा नहीं जा सकता।
पुलिस की भूल है-विधायक
वरेली की घटना पुलिस की भूल है। जहरीली शराब के कारण यह घटना हुई है। जिम्मेदारों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। अनिलभाई परमार, बारडोली, विधायक
6 पीआई का तबादला
पीआई | वर्तमान में | ट्रांसफर स्थल |
वी.ए. देसाई | लीव रिजर्व | बारडोली पोस्ट |
एस.एम. सगर | एसओजी | कडोदरा GIDC |
एच.के.भरवाड़ | कडोदरा | लीव रिजर्व |
आर.जी.भावसार | लीव रिजर्व | LIB एसओजी |
एन.जी. चौधरी | लीव रिजर्व | CPI बारडोली |
एच.वी. पटेल | लीव रिजर्व | कामरेज |
दो महिलाओं की मौत
सिविल अस्पताल के सूत्रों के अनुसार नीता शंकर राठौड़ को 7 सितम्बर को सिविल एमआईसीयू में भर्ती कराया गया। शराब पीने के कारण तबीयत बिगड़ी, तो उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां से उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके दो दिन पहले ही नीता की मां रमीला बेन का घर के पास शराब पीने के बाद उल्टियां शुरू हो गई, जिससे सिविल में उनकी मौत हो गई।
देशी शराब पीने के बाद बिगड़ी तबीयत
108 के कर्मचारी ने बताया कि वरेली के दत्त बाड़ी में रहने वाले रामचंद्र पासवान को शुक्रवार की रात उल्टियां शुरू होने के बाद आंख से दिखाई देना बंद हो गया। इसके बाद उन्हें संजीवनी अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद सिविल अस्पताल ले जाया गया। मंगलवार की रात शराब पीने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी। उधर वरेली के राजूभाई शाहू की शुक्रवार की रात मिल में काम करते समय सरदर्द, बुखार और चक्कर आने की शिकायत थी, उसे भी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था।