दो किशोरियों ने डेढ़ महीने में 99 बार पालिताणा के पहाड़ पर की चढ़ाई
जैन समाज की दो किशोरियों ने डेढ़ महीने में 99 बार पालिताणा के शेत्रुंजय की पहाड़ी पर चढ़ाई की। इन किशोरियों ने कई बार तो एक ही दिन में 3 से 4 बार सीढ़ियां चढ़कर फिर उतर गई हैं।
सूरत। कई लोग युवा पीढ़ी पर आरोप लगाते हैं कि आज के युवा धर्म के प्रति समर्पित नहीं हैं। इस आरोप को झुठला रही हैं जैन समाज की दो किशोरियां। इन दोनों ने डेढ़ महीने में 99 बार पालिताणा के शेत्रुंजय की पहाड़ी पर चढ़ाई की। इन किशोरियों ने कई बार तो एक ही दिन में 3 से 4 बार सीढ़ियां चढ़कर फिर उतर गई हैं।
वंशिका और ईशा की कठोर तपस्या
कक्षा 11 वीं में पढ़ने वाली वंशिका अल्पेश शाह और भरुच की ईशा भोगेश शाह ने बता दिया कि धर्म के प्रति उनकी आस्था आज भी कायम है। पहाड़ पर चढ़ाई के बाद उन्होंने सबके लिए मोक्ष की प्रार्थना की। कई बार तो इन्होंने दिन में 3 से 4 बार चढ़ाई की। तेज गर्मी और धूप भी इनकी आस्था को डिगा नहीं पाई। इस कठिन चढ़ाई को 99 बार पूरा करने पर जैन समाज ने दोनों बेटियों के सम्मान में रैली निकाली। आज जब युवा गर्मी की छुट्टियों में कहीं घूमने जाने की जिद करते हैं, ऐसे में धर्म के प्रति आस्था रखते हुए इन दो किशोरियों ने अदम्य साहस का काम किया है। दोनों ने युवाओं को प्रेरणा भी दी है।