आसाराम से आयकर विभाग वसूलेगा 750 करोड़, 2500 करोड़ की प्रॉपर्टी की रिपोर्ट तैयार
आयकर विभाग ने आसाराम और उनके बेटे नारायण साई की 2500 करोड़ रुपए की संपत्ति की रिपोर्ट तैयार की है। इसके आधार पर उनसे 750 करोड़ रुपए से अधिक की वसूली की जाएगी।
सूरत। आयकर विभाग ने आसाराम और उनके बेटे नारायण साई की 2500 करोड़ रुपए की संपत्ति की रिपोर्ट तैयार की है। इसके आधार पर उनसे 750 करोड़ रुपए से अधिक की वसूली की जाएगी। दरअसल, दुष्कर्म के दोनों आरोपियों के अहमदाबाद स्थित साधक के घर से बरामद किए गए दस्तावेजों के 42 थैले मिले थे। इनकी विवेचना के बाद आयकर विभाग सूरत ने रिपोर्ट तैयार कर सीबीडीटी को भेजी है।
आयकर विभाग ने कई लैपटॉप-कम्प्यूटर भी जब्त किए। इनमें से अधिकांश में डबल-पासवर्ड डाले गए थे। सही पासवर्ड डालने के बाद भी स्क्रीन पर सबसे पहले 'इन करेक्ट' का संदेश आता था। इससे सही पासवर्ड डालने के बाद भी लगता था कि पासवर्ड गलत है। वैराग्य का दावा करने वाले तकनीक के इतने जानकार थे, यह जानकर आईटी अधिकारी भी हैरत में पड़ गए। डबल पासवर्ड की बात पकड़ में आने पर ही कम्प्यूटर, लैपटॉप खुल सके।
100 से अधिक संपत्तियां अटैच
आसाराम-नारायणपर 750 करोड़ रुपए का टैक्स सुनिश्चित करने के लिए आयकर अधिकारियों ने देशभर में उनकी 100 से अधिक संपत्तियों का प्रोविजनल अटैचमेंट किया है। इनमें जमीन-प्लॉट आदि शामिल हैं। इसका अर्थ है कि इन संपत्तियों को बेचा नहीं जा सकता। अटैच संपत्ति की बाजार में कीमत 1500 से 2000 करोड़ रुपए है। सर्च ऑपरेशन का आंकड़ा शामिल किया जाए तो संपत्ति दोगुनी हो सकती है।