वाघाणी ने केजरीवाल पर साधा निशाना
गुजरात भाजपा के अध्यक्ष जीतूभाई वाघाणी ने पीओके में सेना के सर्जिकल स्ट्राइक के संदर्भ में दिल्ली के मुख्य मंत्री अरविंद केजरीवाल को आडे हाथ लेते हुए कहा कि पाकिस्तोन के हीरो केजरीवाल गुजरात की धरती पर पैर रखने वाले हैं।
अहमदाबाद। गुजरात भाजपा के अध्यक्ष जीतूभाई वाघाणी ने कहा है कि पाकिस्तान का हीरो अरविंद केजरीवाल गुजरात की धरती पर पैर रखने वालें हैं। वहीं सूरत में केजरीवाल के खिलाफ पोस्टर वॉर शुरू हो गया है।
प्रदेश भाजपा कार्यालय श्रीकमलम में प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की बैठक के बाद वाघाणी पत्रकारों से बात कर रहे थे। वाघाणी ने पीओके में सेना के सर्जिकल स्ट्राइक के संदर्भ में दिल्ली के मुख्य मंत्री अरविंद केजरीवाल को आडे हाथ लेते हुए कहा कि पाकिस्तोन के हीरो केजरीवाल गुजरात की धरती पर पैर रखने वाले हैं। वाघाणी ने कहा कि गुजरात की जनता केजरीवाल व उनकी आम आदमी पार्टी से वाकिफ हो चुकी है। वहीं सूरत के वराछा में केजरीवाल के विरोध में पोस्टर लगे हैं जिसमें लिखा है कि गुजरात का एक एक घर भाजपा का घर है। केजरीवाल ने सेना के ऑपरेशन के बाद जो बयान दिया उसको लेकर नाराजगी जताई गई है।
महिला मोर्चा भी तैयार
केंद्र व गुजरात सरकार की जनहितकारी योजनाओं को घर घर तक पहुंचाने का काम अब गुजरात भाजपा महिला मोर्चा अपने कंधों पर उठाऐगा। मुख्यमंत्री विजय रुपाणी, प्रदेश अध्यक्ष जीतूभाई वाघाणी की मौजूदगी में हुई महिला मोर्चा की बैठक में दोनों नेताओं ने सरकार व संगठन के कामकाज व एजेंडा महिला सदस्यों को बताया। महिला मोर्चा भी अब विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेशभर में सरकार व संगठन के प्रचार अभियान को गति देंगी।