भारी बारिश से आफत, अहमदाबाद में सात इंच गिरा पानी
अहमदाबाद हाईवे अड्डे का रनवे टापू बन गया है। साबरमती नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।
नई दिल्ली, जेएनएन। भारी बारिश से पश्चिम बंगाल, गुजरात समेत कई राज्यों में जन-जीवन प्रभावित रहा। हवाई, रेल और सड़क यातायात पर असर पड़ा। उत्तर गुजरात में तबाही मचाने के बाद गुरुवार को भारी बारिश से अहमदाबाद थम गया। शहर में सात इंच बारिश से चारों ओर पानी ही पानी है।
अहमदाबाद हाईवे अड्डे का रनवे टापू बन गया है। साबरमती नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने प्रभावित इलाकों का दौरा किया। बुधवार रात से मूसलधार बारिश गुरुवार तक जारी रही। अस्पताल में भी पानी घुस गया है। मकान के मलबों में करीब 10 से अधिक लोग दब गए है। अहमदाबाद एयरपोर्ट क्षेत्र में भारी बारिश के कारण रनवे पर पानी भर गया है। जिसके कारण हवाई यतायात ठप्प हो गया है। अहमदाबाद की कई फ्लाइटों को डायवर्ड किया गया है। प्रशासन ने यहां 5000 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थलों पर स्थानातंरित किया गया है।
उत्तराखंड के टिहरी जिले के चमियाला में बुधवार रात जोरदार बारिश के चलते दरकी पहाड़ी के मलबे में निर्माणाधीन 10 दुकानें दब गई। चमियाला-बूढ़ाकेदार मार्ग दो घंटे बंद रहा। चारधाम यात्रा मार्गाें के बंद होने व खुलने का क्रम जारी है। बदरीनाथ राजमार्ग लामबगड़ के पास करीब 14 घंटे तक बंद रहा। चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ। मुनस्यारी में एक घर ढह गया। इसके अलावा पहाड़ी दरकने से टनकपुर-तवाघाट मार्ग पर करीब 22 घंटे यातायात ठप रहा।
हिमाचल प्रदेश में नदी-नाले उफान पर हैं तथा भूस्खलन के कारण कई घर ढह गए हैं। इसके अलावा सड़कें बाधित होने से भी लोगों की दिक्कतें बढ़ी हैं। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश रिकॉर्ड की गई। चंबा-जोत-चुवाड़ी मार्ग भूस्खलन के कारण बाधित हो गया है। यहां पर सैकड़ों वाहन फंसे हुए हैं। जिला कुल्लू के कंगनी नाले में बाढ़ आने के कारण गोशाल पुल बह गया है।
राजस्थान में पिछले 24 घंटों के दौरान बारिश थमने से कुछ राहत मिली है। सेना व एनडीआरएफ की टीमें बचाव कार्य में लगी है। बारिश के कारण हुए हादसों में अब तक 34 लोगों की मौत हो चुकी है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में भारी बारिश की संभावना व्यक्त की है। हरियाणा में पंचकूला-रुड़की राष्ट्रीय राजमार्ग 73 के चौड़ीकरण के लिए बनाए गए पुल और सड़क बह गई।
उत्तर प्रदेश के पूर्वाचल में नदियों जलस्तर बढ़ रहा है। बलिया में गंगा का जलस्तर प्रतिघंटे दो सेमी तो घाघरा में 24 घंटे में 18 सेमी. बढ़ा हुआ दर्ज किया गया। झारखंड में छह और लोगों की मौत हो गई। बुधवार तक 18 मौतें हुई थीं। इस तरह बारिश और उफनती नदियां अब तक 24 लोगों की जान ले चुकी हैं।