गाय की खाल उतारने वाले दलित मां बेटे पर हमला
यह घटना आनंद जिले के सोजित्रा तालुके के कसोर गांव में हुई। महिला व उसका बेटा कहीं से मृत गाय को लाए थे।
अहमदाबाद, प्रेट्र। शमशान भूमि के नजदीक मृत गाय की खाल उतारने पर दलित महिला व उसके बेटे पर कुछ लोगों ने हमला किया। पुलिस ने राजपूत समुदाय के 15 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
यह घटना आनंद जिले के सोजित्रा तालुके के कसोर गांव में हुई। महिला व उसका बेटा कहीं से मृत गाय को लाए थे। 11 अगस्त को वे शमशान के नजदीक खाल उतार रहे थे। 12 अगस्त की रात उनके घर में 15 लोग घुसे और मारपीट शुरू कर दी। बीते दिन पुलिस ने इस घटना को लेकर केस दर्ज किया था। फिलहाल गांव में शांति है। 45 वर्षीय महिला व उसके 22 वर्षीय बेटे का कहना है कि हमलावर उन्हें कह रहे थे कि दोबारा ऐसा किया तो बुरा हश्र होगा। पुलिस का कहना है कि जहां गाय की खाल उतारने का काम होता है वहां के बजाय मां-बेटा शमशान में ये काम कर रहे थे।
गांव के लोगों ने सरपंच से इस बारे में शिकायत की तो उन्होंने महिला व उसके बेटे से कहा कि जानवरों की खाल उतारने के लिए जो जगह निर्धारित की गई है आगे से वहीं पर इस तरह का काम करें। उल्लेखनीय है कि गिर सोमनाथ जिले के ऊना कस्बे में बीते साल इसी तरह की घटना हुई थी। उस समय इस घटना को लेकर पूरे देश में बवाल मचा था। गोरक्षकों के इस कृत्य की हर जगह निंदा हुई थी।